सीएम की ऑडियो पर इन्दौर में हंगामा, भाजपा के खिलाफ सड़क पर उतरी कांग्रेस
इन्दौर। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के कथित भाषण की 'ऑडियो क्लीपिंग' को लेकर शुक्रवार को इन्दौर में जमकर हंगामा हो गया। मध्य प्रदेश में 'कमलनाथ सरकार' को साजिश के तहत गिराने का आरोप लगाते हुए भाजपा के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर आये। प्रशासनिक संकुल के बाहर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों ने हंगामा मचाते हुए जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस-प्रशासन की समझाइश के बाद भी जब कांग्रेसी नहीं माने तो पुलिस ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल सहित करीब 30 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कांग्रेस का आरोप है कि हाल ही में इन्दौर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने रेसीडेंसी कोठी पर सांवेर के जनप्रतिनिधियों की बैठक ली थी, उस बैठक में उन्होंने कहा था कि केंद्र सरकार के इशारे पर मप्र की कमलनाथ सरकार को गिराया गया है। इसमें उनका साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया और मंत्री तुलसी सिलावट ने दिया। इसे लेकर कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री का एक ऑडियो भी उन्होंने जारी किया था। इसी से भड़की कांग्रेस शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे प्रशासनिक संकुल (कलेक्टर कार्यालय) पहुंची और प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल के नेतृत्व में यहां पहुंचे कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। प्रशासन ने समझाइश दी, लेकिन मामला शांत नहीं होने पर पुलिस ने बाकलीवाल सहित 30 से 35 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सभी को आजाद नगर स्थित जिला जेल भेज दिया गया। यहां अस्थाई जेल में भी कांग्रेसियों ने जमकर हंगामा किया।
:: प्रशासन ने प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी थी ::
एक प्रशासनिक अधिकारी के अनुसार कांग्रेस नेताओं को पहले ही लिखित में बता दिया गया था कि कोरोना के प्रकोप के चलते शहर में किसी भी तरह के प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी जा सकती है। इसके बावजूद कांग्रेस नेता इन्दौर के अध्यक्ष विनय बाकलीवाल की अगुवाई में प्रशासनिक संकुल के सामने सड़क पर धरना देने का प्रयास कर रहे थे। बाकलीवाल समेत कांग्रेस के 30 नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि उक्त गिरफ्तारियां सीआरपीसी की धारा-151 (एहतियातन गिरफ्तारी) के आधार पर गईं। हालांकि गिरफ्तार कांग्रेस नेताओं को बाद में निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
:: चुनी हुई सरकार को साजिश के तहत गिराया ::
कांग्रेस का कहना है कि इन्दौर शहर में खुद आकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र के इशारे पर मप्र की कांग्रेस सरकार को गिराया गया है। इसका ऑडियो क्लीपिंग सबके पास है। कमलनाथ सरकार को जनता ने चुना था, बहुमत की सरकार थी, जिसे साजिश के तहत गिराया गया।
हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री चौहान के कथित भाषण को लेकर कांग्रेस की ओर से जारी की गई 'क्लीपिंग' की प्रामाणिकता की अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है। उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश की 24 विधानसभा सीटों पर आने वाले दिनों में उपचुनाव होने हैं। लेकिन इस 'क्लीपिंग' के सामने आने के बाद प्रदेश में सियासत गरमा गई है और इस वजह से भाजपा और कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
:: हम बस ज्ञापन देना चाह रहे थे, वह भी हमें नहीं देने दिया गया : बाकलीवाल
शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने कहा कि हमने गुरुवार को परमिशन मांगी थी, लेकिन हमें इजाजत नहीं दी गई। वहीं, भाजपा को गुरुवार को चौराहे-चौराहे कार्यक्रम आयोजित करने की परमिशन दे दी गई। पांच की परमिशन दी गई, लेकिन चौराहों पर 100 लोग इकट्ठा होकर मास्क बांट रहे थे, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। ढाई सौ लोग थाने पर पहुंचकर घेराव करते हैं, उन पर कोई कार्रवाई नहीं की। मुख्यमंत्री ने खुद कबूला की सरकार को गिराया गया। हम बस ज्ञापन देना चाह रहे थे, वह भी हमें नहीं देने दिया गया। यह लोकतंत्र की हत्या।
