सीएम बोले- जेसी मिल मजदूरों को पट्टे देंगे और उनकी देनदारी भी निपटाएंगे
हमने ग्वालियर–चंबल संभाग के हर क्षेत्र में विकास किया है और आगे भी करेंगे। यहां के जेसी मिल मजदूरों को पट्टे भी दिलाएंगे और देनदारियां भी निपटाएंगे। ये बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र की सभा को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि अभी तो उपनगर ग्वालियर ही चमकाया है आने वाले दिनों में पूरा ग्वालियर चमका देंगे और लोगों की उम्मीदें हम पूरी करेंगे। कमलनाथ कहते हैं कि मैं जेब में नारियल रखकर घूमता हूं, तो क्या गलत हूं। विकास कार्य करते हैं इसलिए नारियल फोड़ते हैं। कमलनाथ तुम्हारी तो किस्मत ही फूटी थी जो नारियल फोड़ने का मौका ही नहीं मिला।
सभा में भाजपा प्रत्याशी व ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि कांग्रेस में रहत मैंने क्षेत्र की जनता से जो वादे किए थे उसे कांग्रेस ने सत्ता में आने के बाद पूरा नहीं करने दिया। लेकिन भाजपा में पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सिर्फ 6 महीने में वो वादे पूरे करा दिए।
तोमर ने कहा कि मैं खुद सड़क पर उतरकर शहर को सफाई में नंबर 1 बनाऊंगा। श्री तोमर ने मुख्यमंत्री के समक्ष मंच से ही जेसी मिल मजदूरों को पट्टे और देनदारियों का मामला निपटाने का आग्रह किया।
