सीपी में कार सवार छात्रा ने महिला को कुचलने के बाद घसीटा

नई दिल्ली।कनॉट प्लेस इलाके में रविवार रात शिवाजी स्टेडियम के समीप तेज रफ्तार एसयूवी सवार छात्रा ने महिला को कुचल डाला। जीप के पिछले टायर में फंसकर महिला 50 मीटर तक घिसटती चली गई। .
लोगों के शोर मचाने पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर एसयूवी चला रही छात्रा को रोका। गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय महिला फूलवती को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन, डॉक्टरों ने महिला की मृत घोषित कर दिया। वह रैन बसेरा गुरुद्वारा बंगला साहिब में रहती थी। पुलिस ने छात्रा के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी छात्रा की पहचान 20 साल की श्रेया अग्रवाल के रूप में हुई है। वह यूपी के बरेली की रहने वाली है। उसके पिता बड़े ट्रांसपोर्टर हैं। वह मुंबई से फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रही है। छात्रा अपने ड्राइवर के साथ दिल्ली में दोस्तों से मिलने आई थी। कनॉट प्लेस में ड्राइवर को हटाकर खुद ही एसयूवी चलाने लगी, तभी हादसा हो गया। कनॉट प्लेस थाने में तैनात पुलिसकर्मी रविवार शाम 5 बजे से रात 10:30 बजे तक शहीद भगत सिंह मार्ग पर बैरिकेड लगाकर आउटर सर्किल की ओर से आने वाले वाहनों की जांच के लिए तैनात किए गए थे। .
वाहनों की जांच के दौरान रात 9:15 बजे दोनों पुलिसकर्मियों ने शिवाजी स्टेडियम की तरफ से काले रंग की यूपी नंबर की एसयूवी को गलत दिशा से आते देखा। लोग कार को रोकने का शोर मचाते हुए उसके पीछे दौड़ लगा रहे थे। जीप श्रेया चला रही थी। उसमें दो अन्य लड़कियां बेबी रानी और मेघा भी सवार थीं। पुलिस ने एसयूवी को बैरिकेड लगाकर रोका तो लोगों ने बताया कि जीप के टायर में एक महिला फंसी हुई है। एसयूवी सवार लड़की महिला को टक्कर मारकर जीप भगाकर ले आई।.
पुलिस ने लोगों की मदद से एसयूवी को एक तरफ से उठाया और टायर में फंसी बुरी तरह से घायल इस महिला को बाहर निकाल राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसयूपी को पुलिस ने कब्जे में लेकर छात्रा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने श्रेया की मेडिकल जांच भी कराई। आरोपी छात्रा के परिजनों को पुलिस ने सूचित कर दिल्ली बुलाया है। .
