सीबीएसई का निर्देशः 21 जून को सभी स्कूल मनाएं योग दिवस, रिपोर्ट के साथ फोटो भी करें अपलोड

सीबीएसई से मान्यता प्राप्त देश भर के स्कूलों में 21 जून को इंटरनेशनल योग डे मनाया जाएगा। इसे लेकर बोर्ड की वेबसाइट पर दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। सीबीएसई सचिव अनुराग ठाकुर की ओर से जारी लेटर में कहा गया है कि यूनाइटेड नेशन (यूएन) ने 21 जून को इंटरनेशनल योग डे के रूप में घोषित किया है। साल 2015 से यह दिन दुनिया भर में मनाया जाता है। योग पुराने विषयों में से एक है, जो भारत द्वारा दुनिया को दिया गया है। इसलिए सीबीएसई के सभी स्कूल इसे मनाएं।इसके लिए सीबीएसई ने एक लिंक भी जारी किया है। इसके जरिए योग कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। सीबीएसई की तरफ से स्कूलों को कहा गया है कि वे विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करने के बाद उसकी रिपोर्ट भी बोर्ड को सौंपे। सीबीएसई ने स्कूलों को रिपोर्ट के साथ योग दिवस कार्यक्रम की फोटो भी अपलोड करने को कहा है। इसके अलावा स्कूलों को अपनी वेबसाइट पर भी योग दिवस के कार्यक्रम की जानकारी अपलोड करनी होगी।

ये कार्यक्रम आयोजित कर सकते हैं स्कूल

– डिबेट, निबंध, क्विज, स्लोगन लेखन या योग पर आधारित ड्राइंग प्रतियोगिता।
– संगीत या कोई अन्य आर्ट इंटीग्रेटिड इवेंट या फेस्ट।
– बच्चों में योग के प्रति जागरुकता पैदा करने के लिए कोई भी गतिविधि।

ध्यान रखें ये बातें
– कार्यक्रम में पहली से 12वीं तक के छात्रों को शामिल किया जाएगा।
– सुबह 7-8 बजे से एक साथ योग प्रदर्शन।
– कार्यक्रम के बाद सीबीएसई की तरफ से दिए गए लिंक पर फोटोग्राफ अपलोड करने होंगे ।

Leave a Reply