सुमन अग्रवाल बनीं जियो की अंतरराष्ट्रीय निदेशक 

ठाणे। प्रसिद्ध समाजसेविका सुमन अग्रवाल को ग्लोबल एनरिचमेंट ऑर्गनाइज़ेशन (जियो) का अंतरराष्ट्रीय निदेशक नियुक्त किया गया है। ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष मनीष शाह ने उनकी नियुक्ति की है। ठाणे शहर में हुए एक कार्यक्रम में मनीष शाह ने सुमन अग्रवाल को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। कई जैन संगठनों, अनाथाश्रमों, दॄष्टिहीनों के विद्यालय समेत समाज-कल्याण की विविध गतिविधियों से जुड़े मनीष शाह ने ठाणे में हुए जियो के कार्यक्रम में सुमन अग्रवाल को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए बताया कि जियो वह अंतरराष्ट्रीय मंच है, जिसका मूल उद्देश्य देश के हरेक नागरिक को साक्षर बनाने, बाल कल्याण, सामाजिक मेलजोल, उद्यमिता, किसानों के हित-संवर्धन, शीघ्र न्याय दिलाने, ललित कला एवं संस्कृति के जतन के लिए कार्य करना है। साथ ही ऑर्गनाइजेशन समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए शिक्षा, बच्चों के चहुंमुखी विकास और महिलाओं की सेहत व स्वच्छता के लिए भी खास तौर से विविध परियोजनाओं पर सक्रिय है। करीब 25 साल से समाजसेवा में समर्पित सुमन जी को लोकहित के इन सभी कार्यों का गहरा अनुभव है, सो हमने बतौर निदेशक ऑर्गनाइजेशन में उन्हें अपने संग जोड़ा है, ताकि इस संगठन के जरिए समाज को उनके अनुभव का सही तरीके से फायदा मिल सके। कार्यक्रम में सुमन अग्रवाल ने इस नियुक्ति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन पर जताए विश्वास की कसौटी पर खरा उतरने का भरोसा दिलाया और इस अवसर पर घोषणा की कि गणेशोत्सव से पूर्व महिलाओं के  सशक्तिकरण एवं उनमें छिपे कलागुणों की प्रतिभा को प्रोत्साहन देने के लिए ऑर्गनाइजेशन एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन करेगा, जिसमें जियो उन्हें निशुल्क अथवा रियायती दर पर स्टॉल्स मुहैया करा कर आर्थिक रूप से स्वतंत्र, सक्षम व सबल बनने में मदद करेगा। आपको बता दें कि अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की राष्ट्रीय सचिव, लायंस क्लब की सक्रिय सदस्य, मारवाड़ीज इन ठाणे वेलफेयर और सुप्रयास फाउंडेशन की संस्थापक-अध्यक्ष सुमन अग्रवाल 25 वर्षों से समाजसेवा में सक्रिय हैं। एसिड अटैक की शिकार महिलाओं को सरकार से कानूनन सामाजिक-आर्थिक न्याय दिलाने, बच्चों की शिक्षा एवं चिकित्सा तथा वृक्षारोपण के जरिए पर्यावरण संवर्धन में उनका अहम योगदान है।   

Leave a Reply