स्कूल से बंक मारकर यमुना में नहाने गए छह दोस्त, तीन बहे, ग्रामीणों का आरोप-प्रशासन नहीं गंभीर

स्कूल से बंक मारकर यमुना में नहाने गए छह छात्रों में से दसवीं कक्षा के तीन छात्र नदी में बह गये। तीनों छात्र दोस्त थे। अन्य तीन छात्रों ने इसकी सूचना गांव में दी। सूचना मिलते ही पूरा नलवी पार गांव यमुना के किनारे पहुंच गया और तीनों दोस्तों को तलाशने का अभियान शुरू किया। इसके बाद कुंजपुरा पुलिस को सूचना दी गई।
थाना प्रभारी राकेश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन उनके साथ गोताखोर नहीं पहुंचे। इसके साथ ही ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ रोष जताया कि प्रशासन की ओर से उन्हें कोई सहयोग नहीं मिला है। एक ही गांव के तीन बच्चे यमुना नदी में बह गए हैं लेकिन फिर भी प्रशासन गंभीर नहीं है। देर शाम तक बच्चों के बारे में कोई सुराग नहीं लग पाया था। ग्रामीण यमुना में उनकी तलाश कर रहे हैं।
ऐसे बहे यमुना में तीनों दोस्त
नलवी पार गांव के सरपंच कृष्ण ने बताया कि बुधवार सुबह के समीप अभिषेक, अमित, गुरुचरण, सौरभ, गौरव व हर्ष ये छह छात्र बाइक पर गांव से यमुना में नहाने गए थे। गांव से यमुना करीब दो किलोमीटर दूर है। ये सभी छात्र महमदपुर के प्राइवेट स्कूल में पढ़ते हैं। स्कूल में न जाकर ये यमुना नदी पर चले गए।
छह के छह बच्चे यमुना में नहा रहे थे। इस दौरान दसवीं कक्षा के 17 वर्षीय अभिषेक, अमित व गुरुचरण गहरे पानी में चले गये और पानी में बह गये। गौरव को अभिषेक का भाई बताया जा रहा है। अन्य तीनों छात्र बच गए। उन्होंने गांव में जाकर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सभी ग्रामीण मौके पर पहुंच गये।
