स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के निकट बने टैंट सिटी हटाने का आदेश

नर्मदा | नर्मदा जिला कलेक्टर ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के निकट पर्यटकों के लिए बनाई गई टैंट सिटी 48 घंटों में हटाने का आदेश दिया है| यदि स्वैच्छा से नहीं हटाया गया तो प्रशासन कार्यवाही करेगा|
दक्षिण गुजरात में नर्मदा बांध के निकट सरदार पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बनाई गई है| स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दीदार करने बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं| यहां आनेवाले पर्यटकों की सुविधा के लिए स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के निकट गरूडेश्वर में एक टैंट सिटी बनाई गई है| टैंट सिटी जिस जमीन पर बनाई गई है, वह जमीन केवडिया स्थित स्वामीनारायण संस्था ने गौशाला निर्माण के लिए दी थी| लेकिन शर्तों का उल्लंघन कर इस जमीन पर टैंट सिटी बना दी गई| जिससे नर्मदा जिला कलेक्टर ने एक महीने पहले नोटिस जारी कर टैंट सिटी हटाने का आदेश दिया था| लेकिन आदेश का पालन नहीं करने पर गुरुवार को कलेक्टर नया आदेश जारी किया है| जिसके मुताबिक अगले 48 घंटों में स्वैच्छा से टैंट सिटी हटाई जाए| गैरकानूनी रूप से बनाए गए 30 टैंट यदि 48 घंटों में नहीं तोड़े जाते हैं तो प्रशासन स्वयं इसके खिलाफ कार्यवाही करेगा|
