स्मिथ को दोहरा झटका, हार के साथ ही 12 लाख रुपये का जुर्माना
दुबई । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सत्र में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान स्टीव स्मिथ को दोहरा झटका लगा है। टीम की हार के साथ ही धीमी ओवर गति के लिए स्मिथ पर 12 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में रायल्स को धीमी ओवर गति का दोषी पाया गया। रॉयल्स की टीम इस सत्र में पहली बार धीमी ओवर गति की दोषी पाई गई है, वहीं तीसरी टीम है जिसे दंडित किया गया है। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के कप्तान विराट कोहली और दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर भी धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना लगा था।
राजस्थान रॉयल्स को अपना अगला मैच शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलना है। इस मैच में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी की और सूर्यकुमार यादव के शानदार अर्धशतक रनों की बदौलत 20 ओवर में चार विकेट पर 193 रन बनाए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की टीम 18.1 ओवर में 136 रन ही बना पायी। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने चार, ट्रेट बोल्ट और जेम्स पैटिंसन ने दो-दो जबकि राहुल चाहर और कीरोन पोलार्ड ने एक-एक विकेट लिया। मुंबई इंडियंस इस जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गयी है। वहीं राजस्थान रॉयल्स की टीम सातवें पायदान पर खिसक गई है।
