स्वतंत्रता दिवस पर 14 से 16 अगस्त तक जगमग होगा जनपथ

जयपुर । जिला कलक्टर अन्तर सिंह नेहरा ने 15 अगस्त 2021 को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में मनाए जाने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिला कलक्टे्रट सभाागार में सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बताया कि इस बार स्वतंत्रता दिवस पर जनपथ एवं राजकीय कार्यालयों पर तीन दिवस तक रोशनी की जाएगी जिसमें एकरूपता रहेगी।
जिला कलक्टर नेहरा ने बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड एवं जनपथ पर स्थित राज्य एवं केन्द्र सरकार के विभिन्न राजकीय भवनों एवं गैर राजकीय भवनों के प्रबन्धकों को निर्देशित किया कि इस बार भी 26 जनवरी की तरह लाइटिंग में एकरूपता रखी जाए। साथ ही इसकी वीडियोग्राफी भी करवाई जाए। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए सवाई मानसिंह स्टेडियम में टेण्ट, बैठक व्यवस्था, साउण्ड सिस्टम, झण्डारोहण पेयजल, पार्किंग, प्रतिभागियों एव कोरोना वारियर्स को लाने-ले जाने की व्यवस्था, विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रतिभागियों के लिए व्यवस्थाओं, स्टेडियम एवं आस-पास विशेष सुरक्षा, कार्मिकों के सुरक्षा पास, समारोह स्थल पर प्रवेश के लिए व्यवस्थाओं, चिकित्सा, सेनेटाइजेशन, कोविड प्रोटोकॉल की पालना, अमर जवान ज्योति पर श्रद्धासुमन अर्पण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में निर्देश प्रदान किए गए।
