हथियार लहराते हुए खून बहाने की धमकी देने वाले रामचंद्र यादव फरार, तलाश रही पुलिस

भभुआ के पूर्व विधायक और फिलहाल बक्सर लोकसभा सीट से बतौर निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे रामचन्द्र सिंह यादव ने बुधवार को अपने आवास पर प्रेस कान्फ्रेंस कर कैमरे के सामने हथियार लहराते हुए विवादित बयान दिया था। उनके इस बयान के बाद उनके आवास पर पुलिस ने छापा मारा है। बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक फरार हो गए हैं।
पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हथियार लहराते हुए उनके दिए गए बयान के बाद उनपर कार्रवाई करते हुए उनके घर में छापेमारी की है। रामचन्द्र यादव ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा था कि हम लोकतंत्र को बचाने के लिए गोली चलाने को तैयार हैं, हमें बस महागठबंधन के नेता आदेश दें।
मिली जानकारी के मुताबिक, कैमूर के एसपी दिलनवाज अहमद ने मीडिया में चल रहे वीडियो और खबर पर संज्ञान लेते हुए पूर्व भभुआ विधायक रामचन्द्र सिंह यादव के घर पर रेड का आदेश दिया। जिस पर संज्ञान लेते हुए भभुआ डीएसपी-एसडीओ के नेतृत्व में पुलिस ने बुधवार की शाम करीब 6.30 बजे रामचन्द्र सिंह यादव के भभुआ स्थित आवास पर छापा मारा. हालांकि अभी पूर्व विधायक अपने आवास पर नहीं मिले हैं।
उसके बाद भभुआ डीएसपी ने बताया कि निर्दलीय उम्मीदवार रामचन्द्र सिंह यादव छापा पड़ने से कुछ देर पहले ही फरार हो गए हैं। पुलिस को उनके घर के कुछ बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, पुलिस रामचन्द्र की तलाश कर रही है।
बता दें, एग्जिट पोल के नतीजे सामने आने के बाद रालोसपा नेता उपेंद्र कुशवाहा ने मंगलवार को पटना में महागठबंधन की प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान हिंसक अपील कर डाली थी, जिसके बाद बवाल मचा है।
उन्होंने एग्जिट पोल को सिरे से खारिज करते हुए साफ कहा था कि 'पहले बूथ लूट और अब रिजल्ट लूट' की तैयारी चल रही है। अगर रिजल्ट लूट की घटना हुई तो महागठबंधन के नेताओं से आग्रह है कि हथियार भी उठाना हो तो उठा लें। सड़कों पर खून बहेगा।
