हाईकोर्ट के कार्यकारी चीफ जस्टिस ने विनय कुमार सक्सेना को दिलाई शपथ

नई दिल्ली | विनय कुमार सक्सेना ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के 22वे उपराज्यपाल के रूप शपथ ली। राज निवास में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली हाईकोर्ट के कार्यकारी उच्च न्यायाधीश विपिन सांघी ने उन्हें उपराज्यपाल के रूप पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल केंद्र सरकार में मंत्री गिरिराज सिंह, दिल्ली सरकार के कई मंत्री, उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों, शीर्ष नौकरशाहों के अलावा दिल्ली के कई सांसद और विधायक भी मौजूद रहे।बताते चले खादी और ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष का पद संभालने वाले 64 वर्षीय विनय कुमार सक्सेना को 23 मई को दिल्ली के नए एलजी के रूप में नियुक्त किया गया था। उससे पहले अनिल बैजल ने 'व्यक्तिगत कारणों' का हवाला देते हुए बीते 18 मई को उपराज्यपाल के पद से इस्तीफा दे दिया था। सक्सेना कानपुर विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं। उनके पास पायलट लाइसेंस भी है।
