हिमाचल बस हादसे पर पुतिन ने प्रकट किया दुख 

मॉस्को । रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में हुए सड़क हादसे में 44 लोगों की मौत पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उल्लेखनीय है कि कुल्लू में गुरुवार को एक गहरी खाई में बस के गिर जाने से 44 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 34 लोग घायल हो गए थे। इस बस में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। क्रेमलिन की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, पुतिन ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और पीएम नरेंद्र मोदी को संदेश भेजकर संवेदना जाहिर की। 
उन्होंने कहा हिमाचल प्रदेश में हुए भीषण हादसे पर मैं गहरी संवेदना प्रकट करता हूं, जिसमें कई बच्चों और किशोरों की मौत हो गई। उन्होंने कहा पीड़ितों के दोस्तों और परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर करता हूं। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। शुरुआती जांच के मुताबिक, बस का संतुलन बिगड़ गया था और वह इसकी वजह से 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी थी। इनमें से अधिकांश यात्री कुल्लू जिले के ही रहने वाले थे। घायलों का कुल्लू के जिला अस्पताल और बंजार सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

Leave a Reply