हिसार के आदमपुर में कार ने बाइक को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 4 लोगों समेत 5 की मौत

मंडी आदमपुर सिटी. आदमपुर-भादरा रोड पर गांव शेरपुरा के पास शुक्रवार देर शाम कार व बाइक की भिड़ंत में 5 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 4 एक ही परिवार के हैं, जो बाइक पर सवार थे। बाइक से टक्कर के बाद कार के पेड़ से टकराने से कार चालक की भी मौत हो गई।
दरअसल, हिसार के ढाणी मोहब्बतपुर निवासी जगतसिंह बाइक पर अपने बेटे रोहन (अढ़ाई वर्ष), भतीजी सीमा (5) व पत्नी सरिता के साथ शादी समारोह में जा रहा था। इस दौरान सामने से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद कार पेड़ से टकरा गई।
हादसे में बाइक सवार जगत सिंह की मौके पर मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार अन्य तीनों लोग व ढाणी मोहब्बतपुर के ही रहने वाले कार चालक जान मोहम्मद घायल हो गए। हिसार अस्पताल में इलाज के दौरान चारों की भी मौत हो गई।
