होटल ताज से निकली महिला कर्मचारी को जीप सवार दो युवको ने कर लिया किडनैप

भोपाल। राजधानी के कमला नगर इलाके के भदभदा के पास मे स्थित होटल ताज के बाहर से बीती रात दस बजे काम के बाद बाहर निकली महिला कर्मचारी को सडक से जीप सवार दो युवकों ने किडनेप कर लिया। अपने बचाव मे जब महिला ने शोर मचाया, तो आरोपियो ने उसके साथ मारपीट कर दी ओर उसे अपने साथ ले गए। इसी दौरान महिला के अपहरण की खबर पुलिस को दी गई। उधर आरोपी पीड़िता को बागसेवनिया इलाके मे स्थित ग्राम पिपलिया पेंदे खां घर ले गए। यहां गाड़ी से उतरते ही महिला ने जमकर शोर मचाना शुरु कर दिया। उसके जोर जोर से चीखने की आवाजे सुनकर मोहल्ले वाले जमा होने लगे जिन्हे देख आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गये। बाद में महिला ने थाना कमला नगर पहुंचकर प्रकरण दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस ने तत्काल ही घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जीप को जब्त कर लिया है। वारदात का मुख्य आरोपी पीड़िता का पूर्व पति बताया जा रहा है। कमला नगर पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पंपापुर मे रहने वाली 27 वर्षीय महिला होटल ताज में हाउसकीपिंग का काम करती है। एहसान नगर करोंद में रहने वाले शाहबाज से उसकी शादी हुई थी। कुछ समय बाद पारिवारिक कारणो के चलते उनका संबध टूट गया और दोनों ने एक दूसरे से तलाक ले लिया। इसके बाद से ही आरोपी उसे दोबारा साथ रहने के लिए धमका रहा था। बीती रात जब पीड़िता काम कर घर होटल से बाहर निकली तभी होटल के बाहर से शाहबाज व उसके दोस्त ट्रांसपोर्ट नगर कोकता मे रहने वाले सलीम ने उसे जीप से अगवा कर लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ में मारपीट भी की। महिला की आवाजे सुनकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सर्चिंग शुरु की, इस बीच आरोपी पीड़िता को लेकर फरार हो चुके थे। थाने पहुचीं महिला ने पुलिस को बताया कि शाहबाज का एक भाई पिपलियापेंदे खां में रहता है। ओर वो उसे लेकर वहीं पहुंचे थे, लेकिन गाड़ी से उतरते ही उसने शोर मचा दिया जिससे लोग जमा हो गए, ओर घबराकर दोनों आरोपी भाग गए। लोगो ने इसकी खबर बागसेवनिया पुलिस को दी, इसके बाद  बागसेवनिया पुलिस की मदद से युवती कमला नगर पुलिस के पास पहुंची। जहां आरोपियों के खिलाफ मामला कायम किया गया। 

Leave a Reply