10 पौधे लगाकर भेजिए सेल्फी, तभी मिलेगा गन लाइसेंस

पंजाब के फिरोजपुर जिला प्रशासन ने आर्म्स लाइसेंस लेने के लिए एक नया नियम लागू किया है. इस नियम के अनुसार अगर किसी को आर्म्स लाइसेंस चाहिए, तो पहले उसे दस पौधे लगाने होंगे. इसके बाद सबूत के तौर पर उन पौधे के साथ सेल्फी लेकर अपने फाइल के साथ जिला प्रशासन को भेजना होगा. इसके बाद ही आर्म्स लाइसेंस की फाइल आगे बढ़ेगी.
जिले में पिछले 5 जून 2019 से यह नियम लागू किया गया है. अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार जिला आयुक्त चंदर गाइंद का कहना है कि क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के लिए हमारा यह छोटा सा प्रयास है, क्योंकि पंजाब के लोग हथियार लाइसेंस पाने के लिए पागल हैं. इसलिए उन्हें थोड़ा पौधा लगाने के लिए भी पागल होने देना चाहिए.
बताया जा रहा है कि इस आदेश के बाद से प्रशासन को हथियारों के लिए लाइसेंस के लिए 23 नए आवेदन मिले हैं. इनमें से 13 आवेदन को पुलिस सत्यापन के लिए भेज दिया गया है. इसमें से तीन को मंजूरी दे दी गई है. इसका मतलब यह है कि 230 पौधे लगाए गए हैं. इस विचार ने नीति आयोग का भी ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है.
हथियार लाइसेंस विभाग में काम करने वाले राजिंदर कुमार ने बताया कि हर साल हमें 500 से अधिक लाइसेंस के लिए आवेदन मिलते हैं. सभी को लाइसेंस नहीं दिया जाता है, क्योंकि उनके पुलिस रिकॉर्ड को पहले चेक किया जाता है. अभी हमारे पास 23 नए और 930 लंबित आवेदनों का एक बैकलॉग है.
जिला आयुक्त चंदर गाइंद ने कहा कि राज्य की हरियाली को देखते हुए हमने यह नियम केवल नए आवेदकों के लिए ही लगाए हैं. बाद में इसे मैं मौजूदा हथियारों के लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए भी पेश करूंगा. इस नियम से बिना किसी अतिरिक्त प्रयास के अधिक से अधिक पौधे लगाए जा सकते है.
