10 साल के बच्चे की छाती पर चढ़कर गोद दिया चाकू, मौत

इस्लामनगर मदरसा गली में 10 वर्षीय मो शाहिद की रात आठ बजे बेरहमी से चाकू गोद कर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप सरफराज उर्फ छोटू नामक युवक पर लगा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मदरसा गली में रहने वाला शाहिद अपने घर जा रहा था। इसी दौरान छोटू ने उसे मदरसा गली स्थित उसके घर से बीस कदम की दूरी पर रोका। गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी छोटू ने शाहिद को जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उसकी छाती पर बैठ गया। कमर से चाकू निकालकर उसकी छाती में गोद दिया। इसके बाद छोटू चाकू लहराते हुए भाग निकला। आनन-फानन में परिजन समेत मुहल्लेवासी घायल शाहिद को रिम्स ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल किया। आरोपी छोटू के घर पर तोड़-फोड़ कर दी। उसके घर को जलाने का भी प्रयास किया। इसी बीच लोअर बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले आयी। इधर, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स में ही रख दिया है। बताया जा रहा कि छोटू नशा का सेवन करता था और मानसिक रूप से कमजोर भी था। पिता मो शकील के बयान पर लोअर बाजार थाने में छोटू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

आरोपी को हवाले करने के लिए घेरा थाने
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने लोअर बाजार थाने का घेराव कर दिया। आक्रोशित लोग गिरफ्तार आरोपी छोटू को सौंपने की मांग करने लगे। पुलिस के इंकार के बाद लोगों ने खूब हंगामा किया। थाने में मौजूद सिटी एसपी सुजाता वीणापानी के समझाने के बाद लोग वापस हुए।  इधर, स्थानीय पार्षद समेत मुहल्लेवासियों ने पुलिस से पीड़ित परिवार वालों को मुआवजा देने का आग्रह किया। 

मुहल्ले की महिलाओं पर भी चाकू से किया हमला
इस्लामनगर मदरसा गली में जब अपराधी छोटू हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद भागने की कोशिश कर रहा था तब मुहल्ले की महिलाओं ने उसे घेर लिया। उसे पकड़ने का भी प्रयास किया। मगर आरोपी छोटू ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। एक-दो महिलाओं को उसने धक्का भी दिया। इसके बाद चाकू लहराते हुए घटना स्थल से फरार हो गया। 

दिन में भी एक बच्चे को पीटा था छोटू ने
मुहल्लेवासियों के अनुसार छोटू आए दिन किसी न किसी से झगड़ा किया करता है। सोमवार की दोपहर उसने एक कबाड़ी वाले के बेटे नसीम के साथ मारपीट की थी। हालांकि स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया तब वह मुहल्ले से भाग निकला। 

एक रोटी खाकर निकला था घर से
पिता मो शकील ने बताया कि उसके छह बच्चे हैं। शाहिद दूसरे नंबर पर था। सोमवार को दोपहर तीन बजे घर से एक रोटी खाकर निकला था। जाते वक्त से उससे कहा था कि वह जल्द ही घर लौटेगा। इसके बाद उसकी लाश घर आयी।

Leave a Reply