1300 लोगों से करोड़ों की ठगी, बोले-हीरो-हीरोइन के साथ करोगे काम, न फिल्म में काम मिला न पैसा

हरियाणा के यमुनानगर जिले में एक चिटफंड कंपनी ने लोगों को फिल्मों में काम करने के ऐसे सपने दिखाए, जिससे वे कंपनी के जाल में फंस गए। इस दौरान कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर व मैनेजर ने अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर करीब 13 सौ लोगों से दो करोड़ रुपये ठग लिए। अब जब लोगों को न तो फिल्मों में काम मिला और न ही पैसे वापस मिले तो उन्होंने इसकी शिकायत सीएम विंडो व पुलिस अधीक्षक को दी।
पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। शहर जगाधरी पुलिस ने मामले की जांच के बाद कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर व मैनेजर समेत नौ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। गुमथला राव निवासी कुलवंत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे 2015 में कंपनी के संपर्क में आए।
इससे पहले रायल्स गोल्ड प्लस चिट फंड कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर नरेंद्र व मैनेजर मनोज की गुमथला से यमुनानगर आते हुए पीड़ित अमित की मुलाकात हुई थी। आरोपियों ने उसे कंपनी के प्लान बताएं। उसने पहली बार तीन हजार रुपये कंपनी में लगाए थे। इसके बाद उसे अन्य लोगों को कंपनी के साथ जोड़ने के लिए कहा।
