15 साल से देशभर में रेलयात्रियों का सामान पार कर रहे गिरोह का शातिर पकड़ा गया

अजमेर । ट्रेनों में यात्रियों का सामान पार करने वाले गिरोह के एक शातिर को जीआरपी थाना दल ने गिरफ्तार किया है। भरतपुर निवासी आरोपी ने कबूल किया है कि देश भर के कई रेलवे स्टेशन्स पर उसने गिरोह के साथ मिलकर करीब साढ़े तीन सौ से ज्यादा वारदातें की हैं। जीआरपी ने आरोपी के कब्जे से चोरी के आठ मोबाइल फोन सेट और करीब दस हजार रुपए की नकदी बरामद की है। जीआरपी थाना प्रभारी रामअवतार के अनुसार आरोपी के बयान के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की धरपकड़ की कोशिश की जा रही है। उसके दो अन्य साथियों की पहचान की गई है। थाना प्रभारी रामअवतार चौधरी के अनुसार एसपी पूजा अवाना व एडिशनल एसपी मोलाराम के निर्देश पर पुलिस दल चोरी की वारदातों में लिप्त अपराधियों की पड़ताल में जुटा था। गत 26 मई को उदयपुर निवासी सेकूल उर्फ सैफुल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ट्रेन से अज्ञात चोर उसका मोबाइल फोन व अन्य सामान ले गया। इस मामले की तफ्तीश में आरोपी भरतपुर निवासी पंकज जांगिड़ को दरगाह इलाके से पकड़ा गया। वह चोरी का मोबाइल ही इस्तेमाल कर रहा था। उसकी लोकेशन के आधार पर दबोच लिया गया। उसके कब्जे से चोरी के आठ मोबाइल फोन, धारदार चाकू और दस हजार रुपए बरामद किए गए। आरोपी जांगिड़ ने बताया कि वह पिछले सात दिन से अजमेर में वारदातें कर रहा है। इससे पहले करीब 15 दिन तक उसने जयपुर रेलवे स्टेशन पर वारदातें की। वह मुंबई, बांद्रा, दादर, सीएसटी, अंधेरी कुर्ला, अहमदाबाद, सूरत, बड़ोदरा, रतलाम, भोपाल, इंदौर, उज्जैन में पिछले 15 साल से गिरोह के साथ यात्रियों का सामान पार करने की वारदातें कर रहा है।
