21 मूक-बधिर बच्चे गांधीनगर में सीएम हाउस के मेहमान बने

अहमदाबाद | मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के साथ अहमदाबाद के आश्रम रोड स्थित मूक-बधिर स्कूल के 21 बच्चों ने गुरुवार को गांधीनगर में मुख्यमंत्री निवास स्थान पर मुलाकात की। उल्लेखनीय है कि 27 जून को जन्म लेने वाली हेलेन केलर विश्वविख्यात कवयित्री, लेखिका और व्याख्याता होने के साथ ही कला स्नातक की डिग्री हासिल करने वाली पहली मूक-बधिर एवं नेत्रहीन महिला थीं। उनकी जयंती को पूरी दुनिया में मूक-बधिर बच्चों और व्यक्तियों से जुड़ी संस्थाओं द्वारा मनाया जाता है।
इस संदर्भ में अहमदाबाद के आश्रम रोड स्थित बहेरा-मूंगा शाला सोसायटी संचालित स्कूल के 21 बच्चों ने विजय रूपाणी के साथ ‘सक्षम’ सेवा संस्था के माध्यम से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इन बच्चों के साथ संवेदनशील वार्तालाप करते हुए उन्हें मिलने वाली सुविधाओं और शिक्षा आदि के संबंध में जानकारी हासिल की। इस अवसर पर उन्होंने इन बच्चों को भी हेलेन केलर के जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर सफलता के पथ पर आगे बढ़ने की सीख दी।
