22 कैरेट सोने से बनी हैं ये ‘मोदी’ राखियां, स्टॉक खत्म, फिर भी आ रही डिमांड

नई दिल्ली: रक्षाबंधन के त्यौहार पर रंग-बिरंगी राखियों का बाजार सज गया है. दुकानों पर सोने-चांदी समेत तरह-तरह की राखियां देखने को मिल रही हैं. इनमें से पीएम मोदी की तस्वीर वाली राखी बहनों को लुभा रही हैं. ऐसे में हर दुकान पर ये राखी देखने को मिल रही है. सूरत शहर में तो पीएम नरेंद्र मोदी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और गुजरात के सीएम विजय रूपाणी की तस्वीर छपी गोल्डन राखियां बाजार में ऊंची कीमतों पर भी खरीदी जा रही हैं.

एक ज्वैलर ने बताया कि पीएम मोदी ब्रांड की राखियां 22 कैरेट गोल्ड से बनाई गई हैं. एक राखी की कीमत 50000 से 70000 रुपए तक है. उन्होंने ऐसे डिजाइन की 50 राखियां बनाईं जिनमें से 47 रक्षाबंधन के पहले तक बिक चुकी हैं. हालात ये हैं कि इतनी कीमती राखियों का स्टॉक खत्म होने के बाद भी लगातार डिमांड आ रही है.

दुकान पर राखी खरीदने पहुंची एक महिला ग्राहक का कहना था कि इस राखी को मैं अपने भाई की कलाई पर बांधकर प्रधानमंत्री मोदी की तरह कुछ महान करने का आशीर्वाद दूंगी.

आभूषण की दुकान के मालिक ने कहा कि हमारे देश के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गुजरात के मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बहुत कुछ किया है अच्छा काम है और वे दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रेरित करते हैं इसलिए हमने उनकी राखियां तैयार की हैं. सूरत में देश के शीर्ष भाजपा नेताओं की तस्वीरों वाली सुनहरी राखियां ही नहीं बल्कि इसके अलावा यहां 22 कैरेट सोने से बने वर्क में लिपटे लड्डू भी बिक रहे हैं जिनकी कीमत 9000 रुपए प्रति किलो है.

बिक रही हैं ये राखियां

बाजार में रक्षाबंधन के मौके पर तरह-तरह के डिजाइन वाली राखियां बिक रही हैं. इनमें जरी वाली राखी, रुद्राक्ष की राखी, चंदन राखी, सोने-चांदी की राखी डिमांड में है. वहीं, बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर जैसे छोटा भीम, डोरेमॉन की राखियां खूब बिक रही हैं.


Leave a Reply