24 घंटे में 43 Corona Positive मिले, 6 से बढ़कर 11 फीसदी हुई दर
इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर (Indore) में पिछले तीन दिन से कोरोना पॉजिटिव (Corona Positive) मरीजों के आंकड़ों में गिरावट दर्ज की जा रही थी लेकिन अब इस आंकड़े में अचानक से उछाल आ गया है. देर रात जारी मेडिकल बुलेटिन में 43 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं. इसके बाद इंदौर में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1611 हो गई है. वहीं एक मरीज की मौत की पुष्टि के बाद मौतौं (Corona Death) का आंकड़ा 77 पर पहुंच गया है. सीएमएचओ डॉ. प्रवीण जड़िया के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 428 सैंपलों की जांच की गई जिसमें 383 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है. वहीं 43 मरीज पॉजिटिव निकले हैं यानि करीब 11 फीसदी मरीज पॉजिटिव निकले हैं,जबकि पिछले दिनों पॉजिटिव मरीजों की दर 6 फीसदी तक पहुंच गई थी.
पुडुचेरी की रिपोर्ट अटकी
इंदौर से पुडुचेरी भेजे गए सैंपलों की रिपोर्ट अभी भी अटकी हैं. पुडुचेरी 606 सैंपल भेजे गए थे जिसमें से करीब 200 सैंपलों की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है. देर रात जारी मेडिकल बुलेटिन में अहमदाबाद की सुप्राटेक लैब भेजे सैंपलों की रिपोर्ट भी शामिल की गई हैं. मेडिकल बुलेटिन में एक 82 साल के एक पुरूष मरीज की मौत की पुष्टि की गई जिसके बाद मरने वालों का आंकडा़ 77 तक पहुंच गया है. ये मरीज इंदौर की काटजू कॉलोनी का रहने वाला था. 16 अप्रैल को इन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था और 3 मई को इनकी मौत हो गई. शहर के अस्पतालों में अभी भी 1172 कोरोना पॉजिटिव मरीजों का इलाज चल रहा है.
आज डिस्चार्ज होंगे 50 से ज्यादा मरीज
इंदौर के इंडेक्स मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल से सोमवार को 50 से ज्यादा मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौटेंगे. इसके लिये अस्पताल प्रबंधन ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं. इंडेक्स से इतनी बड़ी संख्या में स्वस्थ होकर घर लौटने का यह पहला मौक़ा नही है. अब तक इंडेक्स मेडिकल अस्पताल से 100 से अधिक मरीज़ पूरी तरह से स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं. वहीं अभी शहर के क्वारंटाइन सेंटरों में 1309 लोग रखे गए हैं जिनके स्वास्थ्य पर बारीकी से नजर रखी जा रही है.
