30 घंटे बाद भी नहीं बुझी कोलकाता के बागड़ी बाजार में लगी आग, जुटे हुए हैं 250 दमकलकर्मी

कोलकाता/नई दिल्ली : कोलकाता के भीड़भाड़ वाले बागड़ी बाजार की दुकानों में रविवार को तड़के 2:45 बजे लगी आग 30 घंटे बाद भी नहीं बुझाई जा सकी है. इस आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 35 गाड़ियां और 250 कर्मी लगातार जुटे हुए हैं. कैनिंग स्ट्रीट पर स्थित बागड़ी बाजार कोलकाता का मुख्य व्यापारिक केंद्र माना जाता है. यहां करीब 1,000 दुकानें हैं.
बागड़ी बाजार में यह आग पहले ग्राउंड फ्लोर में लगी थी. आग बुझाने के काम में दमकलकर्मी लगतार जुटे हुए हैं.
कोलकाता के डिप्टी फायर डायरेक्टर का कहना है कि दमकलकर्मी ग्राउंड फ्लोर से टॉप फ्लोर तक तो पहुंच गए लेकिन वहां मौजूद दुकानों में मौजूद केमिकल के कारण आग भड़क रही है और उन्हें उस पर काबू पाने में परेशानी हो रही है.
बता दें कि करीब 1,000 दुकानों वाली इस बहुमंजिला इमारत में भयंकर आग गई, जिससे दुर्गा पूजा समारोह से पहले व्यापारियों को भारी नुकसान पहुंचा है. पश्चिम बंगाल अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के महानिदेशक जगमोहन ने बताया कि कैनिंग स्ट्रीट पर तड़के लगभग ढाई बजे इमारत के भूतल में आग लगी और यह अन्य मंजिलों तक तेजी से फैल गई. आग अभी भी लगी हुई है. उन्होंने कहा, 'हम आग को पास की इमारतों में फैलने से रोकने में सफल हो गए हैं, लेकिन यह अब भी जारी है. भीतर बड़ी मात्रा में रखी ज्वलनशील सामग्री हमारे प्रयासों में बाधा डाल रही है.'
कोलकाता पुलिस को रविवार तड़के दो बजकर 35 मिनट पर आपातकलीन नंबर 100 पर कॉल मिली, जिसके बाद अग्निशमनकर्मी हरकत में आ गए. यह बाजार भारतीय रिजर्व बैंक के कार्यालय और राइटर्स बिल्डिंग से लगभग एक किलोमीटर दूर है. आग पर काबू पाने के प्रयासों को मजबूत करने के लिए भीतरी क्षेत्र में हाइड्रॉलिक सीढ़ियां लाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं.
60 साल पुरानी इमारत में लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 35 गाड़ियां लगाई गई हैं. पुलिस ने कहा कि किसी के मरने की खबर नहीं है, लेकिन दो दमकलकर्मियों सहित छह लोग जहरीले धुएं की वजह से बीमार हो गए. बीमार लोगों का कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज कराया गया और बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई.
