5 सीटों पर 4 बजे तक 48.5% मतदान, केंद्रीय मंत्री गिरिराज और कन्हैया ने डाले वोट

. बिहार में दूसरे चरण की 5 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इनमें दरभंगा, समस्तीपुर, उजियारपुर, बेगूसराय और मुंगेर सीट शामिल हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया। पोलिंग बूथ के बाहर मतदाताओं की कतारें दिख रही हैं। 4 बजे तक 48.5 फीसदी वोटिंग हुई।
इस चरण में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय समेत कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर है। बेगूसराय से गिरिराज सिंह का मुकाबला सीपीआई प्रत्याशी कन्हैया कुमार से है। इस सीट पर सबकी नजर बनी हुई है। इन 5 संसदीय सीटों पर कुल 66 उम्मीदवार मैदान में हैं। सबसे ज्यादा 19 मुंगेर और सबसे कम 8 उम्मीदवार दरभंगा से। इस चरण में 87.92 लाख मतदाता हैं जो 8,834 बूथों पर मतदान करेंगे। 2014 में इन सभी सीटों पर एनडीए ने जीत दर्ज की थी। दरभंगा, उजियारपुर और बेगूसराय में भाजपा जबकि मुंगेर और समस्तीपुर में लोजपा ने बाजी मारी थी।
मतदान अपडेट्स-
- मुंगेर लोकसभा सीट के बाढ़ और मोकामा में शांतपूर्ण मतदान जारी। 11 बजे तक मोकामा में 21.85 प्रतिशत और बाढ़ में 23.66 प्रतिशत मतदान हुआ।
- बेगूसराय से सीपीआई प्रत्याशी कन्हैया कुमान ने मतदान किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि बेगूसराय को बदनाम करने वाली ताकत को मुंह की खानी पड़ेगी।
- बेगूसराय से बीजेपी प्रत्याशी गिरिराज सिंह ने लखिसराय जिले के बड़हिया में बूथ संख्या 2 पर मतदान किया। वोट डालने के बाद गिरिराज ने दावा किया कि 200 फीसदी जीत एनडीए की होगी। देशभर में 400 सीट मिलने वाले हैं। बिहार में भी पिछले वार से अधिक सीट मिलने जा रहे हैं।
- लखीसराय के हलसी प्रखंड के बल्लोपुर गांव के बूथ संख्या 335 एवं 336 पर ईवीएम खराब हो गया, जिसके चलते मतदान शुरू होने में देर हुई।
वोटिंग प्रतिशत
| समय | बेगूसराय | मुंगेर | दरभंगा | समस्तीरपुर | उजियारपुर |
| 8 बजे | 2% | 4.5% | 4.1% | 3.75% | 3.76% |
| 9 बजे | 7% | 11.3% | 9.34% | 6.89% | 6.78% |
| 10 बजे | 11% | 14% | 11.22% | 11.58% | 11.28% |
| 11 बजे | 17.6% | 15% | 16.8% | 13.25% | 12.69% |
| 12 बजे | 24.6% | 23% | 28% | 23% | 23.08% |
| 1 बजे | 32.3% | 32% | 32.58% | 33.25% | 32.34% |
| 2 बजे | 42.5% | 42.5% | 40.5% | 37.49% | 37.45% |
| 3 बजे | 46.8% | 47% | 43.4% | 42% | 41.41% |
| 4 बजे | 50.6% | 48% | 48.6% | 47% | 48% |
2014 में मतदान प्रतिशत
| बेगूसराय | मुंगेर | दरभंगा | समस्तीरपुर | उजियारपुर |
| 61% | 53% | 55% | 57% | 60% |
इन सीटों पर सबकी नजर-
1- दरभंगा
पिछली बार इस सीट से चुनाव जीते कीर्ति आजाद इस बाद धनबाद से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। एनडीए में हुए सीट शेयरिंग में यह सीट भाजपा के पास आई है। पार्टी ने यहां से पूर्व विधायक गोपालजी ठाकुर को मैदान में उतारा है। वहीं, महागठबंधन में यहां से बिहार सरकार में मंत्री रहे अब्दुल बारी सिद्दीकी को टिकट दिया। इस सीट पर महागठबंधन और एनडीए के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है।
2- उजियारपुर
2014 में यहां से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय पहली बार संसद पहुंचे। इस बार उजियारपुर सीट भाजपा के खाते में आई और पार्टी ने यहां से फिर नित्यानंद राय पर भरोसा जताया। महागठबंधन की तरफ से रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा चुनावी मैदान में हैं। कहने को तो यहां से 18 प्रत्याशी मैदान में हैं, लेकिन मुकाबला राय और कुशवाहा के बीच है।
3- बेगूसराय
इस सीट की चर्चा पूरे देश में है। यहां गिरिराज सिंह और सीपीआई प्रत्याशी कन्हैया कुमार आमने-सामने हैं। राजद उम्मीदवार तनवीर हसन इस लड़ाई को त्रिकोणीय रूप दे रहे हैं। यहां जीत की चाबी भूमिहारों के हाथ में है। कन्हैया और गिरिराज दोनों भूमिहार जाति से आते हैं और दोनों एक-दूसरे के वोट में सेंधमारी की कोशिश कर रहे हैं। कन्हैया की नजर मुस्लिम वोटरों पर भी है जिसके चलते तनवीर हसन उन्हें भाजपा का एजेंट कहते हैं।
4- समस्तीपुर
1952 से लेकर 2014 तक समस्तीपुर लोकसभा सीट पर हुए 16 आम चुनावों में भाजपा एक बार भी जीत दर्ज नहीं कर सकी। सीट शेयरिंग में इस बार समस्तीपुर लोजपा के खाते में आई है। लोजपा ने यहां से रामविलास के छोटे भाई रामचंद्र पासवान को टिकट दिया है। रामचंद्र 2014 में मोदी लहर के बीच चुनाव जीते थे। उन्होंने राजद प्रत्याशी अशोक कुमार को हराया था। महागठबंधन की यह सीट कांग्रेस के पास है और पार्टी ने यहां से डॉ. अशोक कुमार पर भरोसा जताया है।
5-मुंगेर
बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा से निर्दलीय विधायक अनंत सिंह मुंगेर सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ना चाह रहे थे, लेकिन राजद नेताओं के भारी विरोध के चलते वे पीछे हट गए। अनंत ने यहां से अपनी पत्नी नीलम देवी का नाम आगे कर दिया। महागठबंधन में हुए सीट शेयरिंग के बाद मुंगेर लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में आई और पार्टी ने यहां से नीलम देवी को टिकट दिया। एनडीए ने 2014 में यहां से दूसरे नंबर पर रहे जदयू प्रत्याशी राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को मैदान में उतारा है।
14 सीटों पर हो चुका है मतदान
बिहार में पिछले तीन चरणों में 14 सीटों पर मतदान हो चुका है। पहले चरण में औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई में मतदान हुआ। यहां 53 फीसदी वोट डाले गए। दूसरे चरण में किशनगंज, बांका, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया में 62.52 फीसदी वोट पड़े। वहीं, तीसरे चरण में मधेपुरा, सुपौल, अररिया, खगड़िया, झंझारपुर में 60 फीसदी मतदान हुआ।
