5000 से 2 लाख तक में बिक रहे बकरे, ‘शाहरुख’ और ‘सलमान’ खरीदारों को लुभा रहे

नई दिल्ली। ईद उल जुहा (बकरीद) को लेकर दिल्ली के जामा मस्जिद, सीलमपुर, जाफराबाद, जनता कॉलोनी सहित कई इलाकों में लोग बकरों की खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।
बाजार में तरह-तरह के रोचक नाम वाले बकरों की भरमार है। सुल्तान, सलमान, शाहरुख, कालू-लालू सहित कई दूसरे रोचक नाम वाले बकरे यहां बिकने आए हैं। राजधानी में इस समय बाजार में पांच हजार से लेकर दो लाख रुपये तक की कीमत वाला बकरा बिक रहा है। दूर-दराज के इलाकों से व्यापारी बकरों की बिक्री के लिए दिल्ली पहुंचे हैं।
इस वक्त तोतापरी, पंजाबी, अजमेरी, अलवरी, यमुनापरी, मेवाती व नागपुरी नस्ल के बकरे बाजार में बिक रहे हैं। लोगों के बीच पंजाबी नस्ल के बकरे की सर्वाधिक मांग है। इसकी आंखें सफेद और कान चौड़े होते हैं। यह बकरा दिखने में काफी तंदरुस्त व अच्छी लंबाई वाला होता है। जिसका वजन 150 किलो तक होता है। वहीं बकरे बेचने वालों ने जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के बाहर के हिस्से पर पूरी तरह से कब्जा सा कर लिया है। हालांकि, सुरक्षाकर्मी उन्हें वहां से हटा देते हैं। सुरक्षाकर्मियों के जाते ही वे फिर मेट्रो स्टेशन पर लौट आते हैं।
मंडी में कई नस्ल के बकरे
सीलमपुर मंडी बकरा एसोसिएशन के प्रधान राजू बताते हैं कि मंडी में कई नस्ल के बकरे हैं। अब तक पांच लाख रुपये तक की कीमत वाला बकरा भी मंडी में बिक्री के लिए आ चुका है, लेकिन उसका कोई खरीदार न होने की वजह से बकरे का मालिक उसे वापस ले गया है। बकरीद के नजदीक होने की वजह से अब बकरों की बिक्री में तेजी आएगी।
