8 साल बैन के बाद एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया भारतीय बच्चों को लेगा गोद

नई दिल्ली: महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया ने आठ वर्षों के बाद भारत से बच्चों को गोद लेने की प्रक्रिया को बहाल कर दिया है. अधिकारी के मुताबिक कुछ मान्यताप्राप्त भारतीय एजेंसियों द्वारा बच्चों को गोद दिलाने की आड़ में बच्चों की तस्करी किए जाने का आरोप लगने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने 2010 में भारत से बच्चों के गोद लेने पर रोक लगा दी थी.
इसके बाद से ही महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और केन्द्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (कारा) ऑस्ट्रेलियाई सरकार के साथ लगातार संपर्क में बने हुए थे. मंत्रालय के अधिकारी ने कहा, ‘‘मंत्रालय ऑस्ट्रेलिया के लगातार संपर्क में था. आखिरकार वे इसे बहाल करने पर सहमत हुए.’’ अधिकारी ने कहा कि किशोर न्याय कानून -2015 के क्रियान्वयन और गोद लेने संबंधी नियमन-2017 की अधिसूचना में दूसरे देशों के नागरिकों द्वारा बच्चों के गोद लेने से जुड़े नियमों को सख्त बनाया गया है.
उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों द्वारा भारतीय बच्चों को गोद लेने पर रोक आठ साल के बाद हटी है. आधिकारिक आंकड़े के अनुसार वर्ष 2017-18 में दूसरे देशों के नागरिकों ने भारत से 651 बच्चों को गोद लिया.
