ग्रेटर नोएडा की सिल्वर सिटी-2 के फ्लैट नंबर-301 से चोरी

नोएडा। नोएडा की सबसे बड़ी चोरी ग्रेटर नोएडा की सिल्वर सिल्वर सिटी-2 सोसाइटी के फ्लैट नंबर-301 में हुई थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि सोसाइटी के टावर नंबर-5 स्थित इसी फ्लैट से चोरों ने करोड़ों रुपये का सोना और नकदी चोरी किए थे। हालांकि, पुलिस फ्लैट से बरामदगी के मामले में चुप्पी साधे हुए है। पुलिस के अनुसार ग्रेटर नोएडा के सिल्वर सिटी-2 सोसाइटी के फ्लैट से 23 सितंबर 2020 को चोरों ने 36 किलो सोना और छह करोड़ से ज्यादा रुपये चोरी किए थे। इस चोरी का मास्टर माइंड गोपाल को माना जा रहा है। गोपाल ने नोएडा और गाजियाबाद के साथियों की मदद से चोरी की साजिश रची। चोरों के बीच धन के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद पुलिस ने 11 जून को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से 13.9 किलो सोना, एक करोड़ की संपत्ति के कागजात और 57 लाख रुपये मिले थे। इस मामले का खुलासा होने के बाद कालेधन के स्रोत का पता लगाने के लिए पुलिस उस फ्लैट की तलाश में जुटी थी, जहां से चोरी की गई थी। पुलिस की जांच के दौरान एक फ्लैट तक पुलिस पहुंच भी गई, लेकिन यहां से चोरी नहीं हुई थी। इसके बाद पुलिस ने सोसाइटी में और भी छानबीन की। इस दौरान सामने आया कि फ्लैट नंबर 301 से सोना और कैश चोरी किया गया था।
