रात में सोते समय भैंस कारोबारी पर हुआ हमला, शरीर पर 10 जगह घाव के निशान, घटना के बाद से फरार नौकर पर संदेह

इटारसी शहर में दूध डेयरी में सो रहे भैंस कारोबारी गोविंद साहू (65) की धारदार हथियार से काट कर हत्या कर दी गई। शरीर पर धारदार हथियारके वार के 10 निशान मिले हैं। वारदात शुक्रवार रात 11.30 बजे से 1 बजे के बीच की है। एक नौकर कारोबारी के पास में सो रहा था। धारदार हथियार से मालिक पर हुए हमले की उसे भनक तक नहीं लगी। वहीं दो माह पहले आया नौकर नर्मदाप्रसाद रात से फरार है। संदेह के आधार पर नर्मदाप्रसाद को पुलिस ढूंढ रही है। सूचना मिलते ही टीआई सहित पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया।
पुलिस के मुताबिक गोविंद पिता मोहनलाल साहू (65) निवासी नई गरीबी लाइन भैंस कारोबारी था। उसका डेयरी फार्म भी था। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात को गोविंद साहू, नौकर टील्लू यादव अलग-अलग पलंग पर सो रहे थे। रात 11.30 बजे से 1 बजे के बीच गोविंद साहू पर धारधार हथियार से हमला कर हत्या की गई। रात 1 बजे टील्लू ने गोविंद साहू को खून से लतपथ देख उसने पड़ोसियों को जानकारी दी।
इसके बाद कारोबारी का पुत्र विनोद साहू और पड़ोसी आएं। सूचना मिलते ही टीआई आरएस चौहान, एएसआई संजय रघुवंशी, पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना किया। हत्या कर आरोपी डेयरी फार्म के पीछे के गेट से फरार हो गया। रात से डेयरी पर काम करने वाला नौकर नर्मदा प्रसाद उर्फ छोटू निवासी सोहागपुर भटगांव फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। शनिवार सुबह से शव का इटारसी अस्पताल में पोस्टमार्टम हो रहा।
![]()
पलंग जिस पर कारोबारी की हत्या की गई।
एक नौकर सदमें व दूसरा फरार
डेयरी फार्म पर दो नौकर काम करते है। टील्लू यादव जो करीब 15-20 साल से काम कर रहा। वारदात के दौरान वो कारोबारी के पास में ही सो रहा था। वह सदमे है। इसलिए ज्यादा कुछ बोल नहीं पा रहा। दूसरा नौकर नर्मदा प्रसाद निवासी भटगांव दो माह से काम कर रहा था, जो रात से ही फरार है।
मौके पर नहीं पहुंचे मुख्यालय से अधिकारी
इटारसी शहर में भैंस कारोबारी की नृशंस के 9 घंटे बाद भी सुबह 8 बजे तक जिला मुख्यालय से कोई बड़े अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचे, जबकि इससे पहले अरविंद सक्सेना एसपी थे, वे घटना की खबर लगते ही मौके पर पहुंचे थे। एसपी संतोष सिंह गौर से संपर्क करने की कोशिश की। एएसपी अवधेश प्रताप सिंह ने कहा मैं होशंगाबाद से बाहर भोपाल ड्यूटी पर हूं। भैंस कारोबारी की हत्या की पुष्टि की, फरार नौकर की तलाश कर रहे है।
