5 बेटियों की मां 45 की उम्र को 30 साल के युवक से इश्क, 2 पतियों का नाम भी याद नहीं; शादी के विराेध में बेटी-दामाद पहुंचे थाने

भिंड में अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। महिला खुद से 15 साल छोटे प्रेमी से शादी करने जा रही है। इससे पहले भी चार लोगों से शादी रचा चुकी है, जिसमें दो के नाम तक नहीं बता पा रही है। अब 5वीं शादी करने की तैयारी कर रही है। महिला को पहले से 5 बेटियां हैं। इनमें से दो बेटियों की शादी भी हो चुकी है।
मां की लव-मैरिज का विरोध बेटियां और दामाद भी कर रहे हैं। उन्होंने इसकी शिकायत भी थाने में की है। महिला की बेटियां थाने में मां के सामने गुहार लगाती रहीं कि हम आपके साथ काम करेंगे। 5वीं शादी मत करो, लेकिन महिला मानने के लिए तैयार नहीं है। पुलिस समझौते की कोशिश कर रही है।
शनिवार दोपहर महिला पुलिस डेस्क पर बेटियों ने अपनी मां की शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि वह 5वीं शादी करने जा रही है और हम तीनों बहनों को घर से निकाल दिया है। पुलिस ने महिला को बुलवाया। महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने की बात बताई। वह बेटियों को साथ रखने के लिए तैयार नहीं है।
45 साल की महिला, 30 साल का युवक
बेटियों का कहना है कि मां की उम्र 45 साल है। वह खुद से 15 साल छोटे मिथुन गुर्जर (30) के साथ पिछले एक साल से रह रही है। पिछले कुछ दिनों से मिथुन उनके साथ मारपीट करने लगा। इसके बाद वह जीजा के यहां चली गईं। यहां मिथुन और मां के शादी करने के बारे में पता चला। हमने मां को मनाने की कोशिश की, लेकिन वह तैयार नहीं हुईं।
पहली शादी आठ महीने चली, दो पतियों की हो चुकी मौत
महिला ने बताया कि 15 साल की उम्र में उसकी पहली शादी हुई थी। उसका पहला पति उसके साथ मारपीट करता था। इसलिए वो शादी 8-10 महीने ही चली। अब तो पति का नाम भी याद नहीं है। दूसरी शादी औरेया में विनोद से हुई थी। उसकी यह पांच बेटियां हैं, जिसमें दो की शादी कर चुकी हूं। विनोद की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। तीसरी शादी सुकांड के बृजेंद्र से की थी। यह युवक भी बीमार हो गया। उसकी मौत हो गई। इसके बाद चौथी शादी वाले युवक का नाम नहीं बता पाई। अब वह 5वां मिथुन गुर्जर निवासी झांसी मोहल्ला, भिंड से शादी करने जा रही है। वह युवक के साथ पिछले एक साल से लिव इन में रह रही है।
होटल में नौकरी करता है मिथुन
मिथुन ने बताया, वो महिला से प्रेम करता है। उम्र से लेना-देना नहीं है। वो स्वयं होटल में नौकरी करता है। मिथुन का कहना है, उसके साथ महिला की बेटी रह सकती हैं और पिछले एक साल से सभी का खर्च उठा रहा हूं। मिथुन की मासिक कमाई भी मात्र 6 हजार है।
झूठ बोल रही बेटियां
महिला का कहना है, मैं शादी करने जा रही हूं। उनके साथ मिथुन मारपीट नहीं करता है। वह झूठ बोल रही है। मैं आगे का जीवन संभालने के लिए यह कदम उठा रही हूं। डीएसपी पूनम थापा का कहना है कि महिला की काउंसिलिंग कराई जा रही है। महिला, उसके प्रेमी, बेटियों और दामाद को बुलाकर समझौता कराया जा रहा है।
