पलवल में नौकरी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

पलवल । पलवल में एक युवक द्वारा नौकरी का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले की पुष्टि करते हुए शहर थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसे नौकरी की तलाश थी। नौकरी के लिए महिला का संपर्क गांव बामणिया थाना गदपुरी निवासी बलजीत से हुआ। बलजीत ने महिला को कंपनी में नौकरी लगवाने के लिए गत 6 जुलाई की दोपहर को पलवल के बस स्टैंड़ पर बुलाया।
थाना प्रभारी ने कहा कि महिला जब बस स्टैंड पर पहुंची तो बलजीत उसे कार में बैठाकर हुडा सेक्टर-2 स्थित एक मकान में ले गया। इस पर पीड़िता ने कहा कि कहां ले जा रहे तो बलजीत ने कहा कि यहां से एक और महिला आपके साथ कंपनी में नौकरी लगने के लिए चलेगी। इस बीच बलजीत ने महिला को पीने के लिए पानी दिया। जिसके बाद महिला बेहोश हो गई। इसके बाद बलजीत ने बेहोशी की हालात में महिला के साथ दुष्कर्म किया। महिला जब होश में आई तो उसने अपने आप को अर्धनंगन अवस्था में पाया। ऐसे में जब महिला ने विरोध किया और कार्रवाई की बात कही तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद महिला जैसे-तैसे अपने घर पहुंची और आपबीती अपनी मां को बताई। महिला ने पुलिस को शिकायत दी। फिलहाल पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी। तभी पुलिस को मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी बलजीत कैम्प थाना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को काबू कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
