दिल्ली में जल संकट पर संग्राम, BJP नेताओं ने की सत्येंद्र जैन के घर का पानी काटने की कोशिश, पुलिस ने वाटर कैनन से खदेड़ा

दिल्ली में कथित रूप से खराब पानी की आपूर्ति के विरोध में दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष (डीजेबी) सत्येंद्र जैन के घर का पानी का कनेक्शन काटने की कोशिश करते भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अगले दो दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं होने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर जलापूर्ति बंद करने की भी धमकी दी।
भाजपा नेताओं का यह विरोध प्रदर्शन आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं द्वारा दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता के पटेल नगर स्थित घर के पानी कनेक्शन को कथित रूप से क्षतिग्रस्त करने के एक दिन बाद हुआ है। 'आप' ने हरियाणा सरकार द्वारा कथित तौर पर राजधानी को उसके हिस्से का पानी नहीं देने का आरोप लगाया था।
भाजपा नेता और कार्यकर्ता सोमवार को सिविल लाइंस इलाके में दिल्ली जल बोर्ड के जोनल ऑफिस के बाहर जमा हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि "खराब" पानी की सप्लाई के कारण दिल्ली के लोग संकट का सामना कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं। केजरीवाल सरकार के मंत्रियों को पानी की आपूर्ति बंद होने पर लोगों की समस्याओं का अहसास होगा। बाद में प्रदर्शनकारी उसी इलाके में रहने वाले सत्येंद्र जैन के आवास पर पहुंचे और उनका पानी का कनेक्शन काटने का प्रयास किया।
दिल्ली बीजेपी मीडिया हेड नवीन कुमार ने कहा कि हमने जैन के आवास के बाहर पानी की लाइन को हटाने के लिए एक जेसीबी मशीन का इस्तेमाल किया। अगर दिल्ली सरकार अगले दो दिनों में आम लोगों के लिए पानी के संकट को हल करने में विफल रहती है, तो हम केजरीवाल के आवास का पानी का कनेक्शन भी काट देंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और विरोध के दौरान हमारे लोगों को हिरासत में लिया।
डीजेबी के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा ने शनिवार को आरोप लगाया था कि हरियाणा दिल्ली के हिस्से का पानी रोक रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड ने सुप्रीम कोर्ट का रुख कर हरियाणा को दिल्ली के हिस्से का पानी जारी करने का निर्देश देने की मांग की थी।
उन्होंने कहा कि जल बोर्ड इस गर्मी में राजधानीवासियों को 1,150 एमजीडी पानी की मांग के मुकाबले 945 मिलियन गैलन पानी (एमजीडी) की आपूर्ति कर रहा है।
फिलहाल दिल्ली को हरियाणा से 609 एमजीडी के मुकाबले 479 एमजीडी मिल रही है। इसके अलावा, दिल्ली 90 एमजीडी भूजल खींचती है और ऊपरी गंगा नहर से 250 एमजीडी प्राप्त करती है, उन्होंने कहा था।
