दिल्ली : कोरोना की तीसरी लहर से निपटने को तैयार हो रहे 160 ऑक्सीजन प्लांट

दिल्ली कोरोना की संभावित तीसरी लहर के दौरान दिल्ली को ऑक्सीजन की कमी नहीं हो, इसकी पूरी तैयारी की जा रही है। दिल्ली के सरकारी व निजी अस्पतालों में 160 पीएसए ऑक्सीजन प्लांट तैयार किए जा रहे हैं। बुधवार दिन में दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल ने इनकी स्थापना को लेकर हो रही प्रगति की समीक्षा की।
वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए हुई बैठक में दिल्ली के मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) व अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान दिल्ली के सरकारी व निजी अस्पतालों में स्थापित किए जा रहे 160 पीएसए (प्रेशर स्विंग एब्जार्ब्शन) आक्सीजन प्लांट को लेकर चर्चा की गई। 148.11 मीट्रिक टन क्षमता वाले इन ऑक्सीजन संयंत्रों को अगले दो महीनों के अंदर स्थापित किया जाना है। बैठक में अधिकारियों की ओर से बताया कि निजी व सरकारी अस्पतालों द्वारा 150 मीट्रिक टन आक्सीजन की क्षमता की जरूरत का अंदाजा किया गया था। इसी आधार पर इतने संयंत्र तैयार किए जा रहे हैं।
दिल्ली सरकार के अस्पतालों में स्थापित किए जा रहे 66 संयंत्रों में से 17 संयंत्र पीएमकेयर के तहत हैं। जबकि, दस संयंत्र के केन्द्र सरकार के अस्पताल में व 84 संयंत्र निजी अस्पतालों में लगाए जा रहे हैं। इनमें से भी 36 संयंत्र दिल्ली सरकार के अस्पतालों में लगाए जा चुके हैं, जबकि, 27 अन्य संयंत्र 31 अगस्त तक तैयार हो जाएंगे। बाकी तीन संयंत्र 30 सितंबर तक तैयार होने की संभावना है। वहीं, केन्द्र सरकार के अस्पतालों में लगने वाले दस में से छह संयंत्र लगाए जा चुके हैं, जबकि बाकी चार संयंत्र 15 अगस्त तक लगे जा चुकेंगे। इसी प्रकार, निजी अस्पतालों में अब तक 37 संयंत्र लगाए जा चुके हैं और बाकी 47 को लगाए जाने पर काम किया जा रहा है।
उप राज्यपाल संयंत्रों को स्थापित करने के कार्य पर नियमित निगरानी करने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस पूरे काम को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने आक्सीजन प्लांट स्थापित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।
