स्वर्ण पदक विजेताओं के कोच को 12.5 लाख देगा आईओए

टोक्यो । टोक्यो ओलंपिक खेलों की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू के कोच विजय शर्मा को भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) 10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देगा। आईओए ने शनिवार को ओलंपिक पदक विजेताओं के प्रशिक्षकों के लिए पुरस्कार राशि की घोषणा की।आईओए के अनुसार स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी के कोच को 12.5 लाख रुपए, रजत विजेता के कोच 10 लाख और कांस्य पदक विजेता के कोच को 7.5 लाख रुपए मिलेंगे। आईओए महासचिव राजीव मेहता ने कहा कि हमें ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ी तैयार करने के लिए प्रशिक्षकों को भी पुरस्कृत करना होगा। वे दिन रात खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हैं।कोच भी खिलाड़ियों की तरह कड़ी मेहनत और बलिदान कर रहे हैं। आईओए ने घोषणा की थी कि वह टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता को 75 लाख और प्रत्येक भागीदार राष्ट्रीय खेल महासंघ को बोनस के रूप में 25 लाख रुपये देगा। उसने रजत पदक विजेता के लिये 40 लाख रुपए और कांस्य पदक विजेता के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा की।
