ठंड का कहर: दिल्ली एनसीआर में जारी रहेगा कोहरे और शीतलहर का सितम

दिल्ली, एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में कोहरे और ठंड का कहर जारी है। दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में गुरुवार को तापमान सामान्य से कम रिकॉर्ड किया गया और अगले कुछ दिनों तक स्थिति के ऐसे ही रहने की संभावना है।  जम्मू कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र के करगिल में तापमान शून्य से 20 डिग्री नीचे चले जाने पर यह उत्तर भारत का सबसे सर्द स्थानों में रहा। 


62 ट्रेनें लेट और 17 फ्लाइट्स देरी से 

शुक्रवार को कोहरे की वजह से दिल्ली आने वाली 62 ट्रेनें लेट, 20 ट्रेनों का समय बदला गया और 18 ट्रेनों को कैंसिल किया जा चुका है। वहीं इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 17 फ्लाइट्स लेट हैं।  दिल्ली में गुरुवार को इस सीजन का सबसे ठंड दिन रहा जब न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 20 डिग्री सेल्सियस और छह डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।


यूपी में पांच की मौत 

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर भी भयंकर शीतलहर का प्रकोप जारी है। बर्फीली पछुआ हवा के कारण दिन के तापमान में गिरावट का सिलसिला बरकरार रहने से लोगों को नश्तर सी चुभने वाली सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान बदायूं में ठंड लगने से दो बच्चों और आजमगढ़ में कोहराजनित हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के लगभग सभी मण्डलों में दिन के तापमान में खासी गिरावट आई है।  पिछले 24 घंटों के दौरान बरेली, गोरखपुर तथा मुरादाबाद मण्डलों में अधिकतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गयी। इसके अलावा गोरखपुर, फैजाबाद, बरेली, मुरादाबाद, आगरा, मेरठ तथा कानपुर मण्डलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान आगरा और मेरठ मण्डलों में रात के तापमान में खासी गिरावट हुई। अगले 24 घंटों के दौरान भी ठंड के तीखे तेवर बरकरार रहने की सम्भावना है। राज्य में कुछ स्थानों पर शीतलहर चलने का भी अनुमान है। 

             

जम्मू कश्मीर में बर्फबारी और बारिश का अनुमान

जम्मू कश्मीर में कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे बना रहा । मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि अगले 48 घंटे में जम्मू कश्मीर में छिटपुट जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है । श्रीनगर में तापमान शून्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश भी में ठंड का प्रकोप जारी है । कई जगहों पर तापमान जमाव बिंदु के आसपास रहा। हरियाणा में राज्य सरकार ने उपायुक्तों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि कोई भी व्यक्ति खुले में सोया हुआ नहीं पाया जाए। हरियाणा के नारनौल और पंजाब के बठिंडा में तापमान क्रमश: 1.5 डिग्री और 2.8 डिग्री दर्ज किया गया। चंडीगढ़ भी कोहरे की गिरफ्त में रहा । 


Leave a Reply