दिल्ली में कोहरा : 128 ट्रेनें कैंसिल और 9 का समय बदला गया, हवाई सेवाएं भी प्रभावित

नई दिल्ली: दिल्ली में कोहरे की वजह से आज भी 128 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है और 36 ट्रेनें लेट चल रही हैं जबकि 9 ट्रेनों का समय बदला गया है. गौरतलब है कि पूरे उत्तर भारत में ठंड का कहर लगातार जारी है, इन दिनों सर्दी का मौसम अपने चरम पर है. कश्मीर घाटी में भारी बर्फबारी हुई है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड लगातार कहर बरपा रहा है. घने कोहरा छाये रहने की वजह से सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है.
राजस्थान में हवाओं का रुख पश्चिमी हो जाने से अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कल के मुकाबले एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है. मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार अलवर में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस, माउंट आबू 2.0, भीलवाडा 3.5, श्रीगंगानगर 3.7, पिलानी-चित्तौडगढ 4.6-4.6, डबोक 4.8, सीकर 5, वनस्थली 5.1, चूरू 6.1, बूंदी 6.8, सवाईमाधोपुर 7.2, जैसलमेर 7.3, बीकानेर 7.5, जोधपुर 8.1, ऐरनपुरा रोड 8.6, कोटा 8.9, और बाडमेर में 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
