चौथी बार दिया बेटी को जन्म, ससुराल वालों ने जलाकर मार डाला

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में बेटी को जन्म देने पर एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। एक महिला ने चौथी बार भी बेटी को जन्म दे दिया, इस नाते उसके ससुराल वालों ने उसे जलाकर मार डाला।
जानकारी के अनुसार, मृतका फातिमा बीबी का निकाह पश्चिम बंगाल के परगना जिले में राजरहट के पानापुकुर गांव में 17 वर्ष पहले हुआ था। उसके ससुराल के लोग उसे इस बात के लिए प्रताड़ित करते थे कि उसने अभी तक लड़के को जन्म नहीं दिया था। जब उसने हाल ही में चौथी बच्ची को जन्म दिया तो उसे और प्रताड़ित किया जाने लगा।
वहीं, मृतका के एक रिश्तेदार ने ससुराल वालों आरोप लगाते हुए बताया कि उसके ससुराल के लोग उसे अपमानित करते थे और लड़के को जन्म न दे पाने के कारण उस पर दहेज लाने का दबाव बनाते थे। रिश्तेदार ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि लगातार चौथी बार भी बेटी को जन्म देने के कारण उसकी हत्या की गई है।
साथ ही राजरहट पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात को फातिमा का शव उसके ससुराल वालों के घर से बरामद किया गया। जब उसका शव मिला तो उसका अधिकांश शरीर जल गया था और उसके हाथ पीछे बंधे हुए थे। फिलहाल, पुलिस ने मृतका के पति सहित 4 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। हालांकि, अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
