अच्छी सेहत के लिए मुंह की सफ़ाई रखना बहुत ज़रूरी है

हमारे मुंह के अच्छे स्वास्थ्य का अर्थ ख़ूबसूरती और हाइजीन से है। साथ ही इसके लिए ज़रूरी है कि दांत स्वस्थ व चमकदार हों और ओरल कैविटी के सख़्त और सौम्य ऊतक भी पूरी तरह से स्वस्थ रहें। इसके लिए मसूड़ों और दांतों दोनों का स्वस्थ होना ज़रूरी है। कुछ नियमों को ध्यान में रखें…
इसलिए ज़रूरी
दांत और मुंह का स्वास्थ्य हमारी सेहत का अभिन्न हिस्सा है। मुंह का स्वास्थ्य अच्छा न होने से दांतों में कैविटी और मसूड़ों के रोग हो जाते हैं। इससे हृदय की बीमारियां, मुंह का कैंसर व डायबिटीज़ की आशंका भी बढ़ती है। दांतों और मसूड़ों का ध्यान रखना बेहद ज़रूरी है। इसके लिए मुख स्वच्छता की अच्छी आदतें अपनाएं जैसे दो बार ब्रश करना, फ्लॉस का इस्तेमाल और शक्कर का सेवन कम करना। इससे दांत स्वस्थ रहेंगे और मेहंगे डेंटल इलाज की ज़रूरत नहीं पड़ेगी।
मसूड़ों की मसाज
मसूड़े ही मज़बूत दांतों का आधार हैं। दांतों को स्वस्थ रखने के लिए मसूड़ों का स्वस्थ रहना बेहद ज़रूरी है। सुबह और शाम 5-5 मिनट के लिए अपनी पसंद के किसी भी तेल जैसे जैतून के तेल, विटामिन ई ऑयल या बादाम के तेल से मसूड़ों की मालिश करें। इसके लिए उंगुलियों को मसूड़ों पर गोल-गोल घुमाते हुए मसाज करें।
जीभ की सफ़ाई
ये भी बहुत ज़रूरी है। दिन में एक बार ग्लिसरीन और कॉटन पैड की मदद से जीभ साफ़ करें। इससे आपकी जीभ गुलाबी हो जाएगी और ओरल कैविटी में बैक्टीरिया नहीं पनपेंगे। ग्लिसरीन को या तो रुई पर लगाकर जीभ साफ़ करें या ग्लिसरीन जीभ पर लगाकर कॉटन पैड से पोंछ लें।
यह हैं सुझाव
– खाने के बाद 2-3 बार कुल्ला करें। हर बार मुंह में 30 सेंकड के लिए पानी को घुमाएं। – मिंट ग्रीन टी में लैमनग्रास ऑयल मिलाकर माउथ वॉश बनाकर कुल्ला करें। – नीम की पत्तियों को पानी में उबालकर छान लें और माउथवॉश की तरह इस्तेमाल करें। – नमक का पानी भी अच्छा माउथवॉश है। गुनगुने पानी में नमक डालकर कुल्ला करें। – एलोवेरा और पानी को मिलाकर कुल्ला करें।
बुरे व्यसनों से बचें और अगर कोई परेशानी होती है तो तुरंत डॉक्टर की सलाह लें।
अनिवार्य है…
दिन में दो बार ब्रश करें।
व्यस्त रहने के कारण अक्सर लोग रात में दांतों की सफ़ाई नहीं करते हैं, लेकिन यह सबसे बड़ी ग़लती है। मुंह की स्वच्छता को बनाए रखने के लिए दिन में दो बार दांत साफ़ करना बेहद महत्वपूर्ण है।
… ताकि दिखें सबसे ख़ास
राखी पर सबसे ख़ास दिखने की चाह है तो हम इसमें आपकी मदद कर सकते हैं। यहां कुछ बेहद आसान से टिप्स लेकर आए हैं, जो संवरने में आपके लिए मददगार हो सकते हैं। आज़माकर देख लीजिए।
— त्योहार है तो कुछ बढ़िया से रंग पहनें, जैसे रॉयल ब्लू, पैरेट ग्रीन, डार्क मैरून, रेड और फ्यूशिया पिंक जैसे ब्राइट कलर्स चुनें। ये ख़ूबसूरत लगेंगे और तस्वीरें भी सुंदर आएंगी।
— प्लेन सूट पहन रही हैं तो कॉन्ट्रास्ट बंधनी दुपट्टे के साथ पहनें। ये कॉम्बीनेशन काफ़ी अच्छा लगता है। इसके साथ ही जूलरी में बड़ी झुमकी पहनें।
— इंडो-वेस्टर्न लुक के लिए एथनिक स्कर्ट के साथ क्रॉप टॉप पहनें। दुपट्टा डालना चाहें, तो वो भी डाल सकती हैं।
— लहंगे के हैवी दुपट्टे को किसी भी प्लेन सूट या हल्के रंग के सूट पर कैरी कर सकती हैं। ये भी जंचेगा।
— आंखों पर हमेशा की तरह वही काजल नहीं लगाना चाहती हैं तो नीले रंग के काजल और आईलाइनर का इस्तेमाल करें। आजकल ये काफ़ी ट्रेंड में भी हैं।
— हैवी ड्रैस पहन रही हैं तो न्यूड शेड लिपस्टिक लगाएं। दिन के हिसाब से हल्के रंग चेहरे पर फबते हैं।
