मिठाइयों के मेल से मिलेगा नया स्वाद, रसमलाई और रबड़ी से तैयार करें आम रबड़ी रसमलाई घेवर

  • रक्षाबंधन के त्योहार पर घेवर को ख़ास मिष्ठान्न का दर्जा प्राप्त है।
  • रबड़ी, रसमलाई और घेवर को मिलाकर आम रबड़ी रसमलाई घेवर तैयार कीजिए।
  • आम रबड़ी का खट्‌टा-मीठापन और रसमलाई की मिठास से घेवर का स्वाद बढ़ेगा और भाई को कुछ नया चखने को भी मिल जाएगा।
  • इसकी आसान रेसिपी आप से साझा कर रहे हैं।

सबसे पहले तैयार करते हैं, आम रबड़ी और रसमलाई

आम रबड़ी के लिए

क्या चाहिए

आम की प्यूरी- कप, दूध- 1 लीटर, शक्कर- 1/4 कप, इलायची पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच, केसर के रेशे- 7 से 8, बादाम- 2 बड़े चम्मच कटे हुए।

ऐसे बनाएं

केसर दो चम्मच गुनगुने पानी में भिगोएं। रबड़ी बनाने के लिए भारी तले की कड़ाही के भीतरी सतह पर अच्छी तरह घी लगाएं (इससे दूध सतह पर चिपकता नहीं है) और दूध डालकर उबालें।

दूध उबलने लगे तो दूध के ऊपर मलाई की एक परत बनना शुरू हो जाएगी। चम्मच से कड़ाही के किनारों पर मलाई इकट्ठा करें। इस प्रक्रिया को तब तक दोहराते रहें जब तक कि दूध लगभग एक तिहाई (1/3 यानी 200 ग्राम) ना हो जाए। फिर आंच बंद कर दें।

एक नॉन स्टिक पैन में आम का गूदा, केसर का पानी और शक्कर डालकर धीमी आंच पर पकाएं। जब शक्कर पिघल जाए, तो आंच बंद करें। इसमें इलायची पाउडर, बादाम और रबड़ी डालें और सारी सामग्री को अच्छी तरह से मिलाएं। ठंडा होने पर इसे फ्रिज में रख दें।

रसमलाई (रसगुल्ले और रस) के लिए

क्या चाहिए

रसगुल्ले बनाने के लिए

दूध- 1/2 लीटर, शक्कर- 2 छोटे चम्मच और 1 कप, पानी- 2 बड़े चम्मच और 5 कप, नींबू का रस- 2 बड़े चम्मच।

ऐसे बनाएं
सबसे पहले एक कड़ाही में दूध को तेज़ आंच पर उबालें। अब एक बड़े चम्मच को दूध में अच्छी तरह से छह से सात बार घुमाएं।

एक बोल में नींबू का रस और इतना ही पानी डालकर दूध में मिलाएं। जब दूध पूरी तरह से फट जाए तो छेने को साफ़ कपड़े में छान लें। छेने में ठंडा पानी डालें ताकि नींबू का स्वाद दूर हो जाए। हल्के हाथों से पानी निचोड़ें।

छेने को प्लेट में निकालकर एक छोटा चम्मच शक्कर डालें और हथेली से छेना मसलेंं। इस प्रक्रिया में पांच से छह मिनट का समय लगता है।

अब दोबारा एक छोटा चम्मच शक्कर डालें और छेना मिश्रण को सोलह टुकड़ों में बांटें। इसके गोले बनाएं।

एक बर्तन में पानी और शक्कर डालकर उबालें। फिर छेने के गोले डालकर 10 मिनट के लिए ढक दें। इससे रसगुल्ले का आकार दोगुना हो जाएगा। अब इसमें आठ से नौ बर्फ के क्यूब डालें। आंच बंद कर दें।

क्या चाहिए

रस बनाने के लिए

दूध- 750 मिलीलीटर, शक्कर- 2 बड़े चम्मच, गुलाब जल- 1 1/2 छोटा चम्मच, पिस्ते- 2 बड़े चम्मच कटे हुए, बादाम- 2 चम्मच कटे हुए, इलायची पाउडर- 1/4 छोटा चम्मच।

ऐसे बनाएं

एक भारी तले के बर्तन में दूध उबालें। जब उबाल आने लगे तो शक्कर, बादाम और पिस्ता डाल कर दूध को आधे होने तक पकाएं। गुलाब जल और इलायची पाउडर डालकर मिलाएं।

जब रसमलाई दूध का तापमान सामान्य हो जाए, तो रसगुल्लों का रस निचोड़ कर रसमलाई दूध में डाल दें। इसे सात से आठ घंटे के लिए फ्रिज में रख दें।

घेवर परोसने की विधि

घेवर बना-बनाया ले आएंं। जब खाना हो, तो आगे बताई जा रही रेसिपी को उसी समय सर्व करें।

  • घेवर के ऊपर आम की रबड़ी फैलाएं।
  • फिर इसके ऊपर ठंडी-ठंडी रसमलाई रखें।
  • पिस्ता और गुलाब की पंखुड़ियों से सजाएं।
  • आम की रबड़ी के साथ रसमलाई घेवर तैयार है।

Leave a Reply