मेकअप के साथ-साथ चेहरे पर कुदरती निखार होना भी ज़रूरी है,

त्योहारों के मौसम में सजना-संवरना तो होता ही है। ऐेसे में अगर चेहरे पर कुदरती चमक हो तो ज़रा-सा मेकअप भी अगल ही निखार लाता है। आइए फिर कुछ घरेलू उपाय आज़माकर देख लिए जाएं…

अब तक चेहरे की ओर ख़ास ध्यान नहीं दिया तो अब दे लीजिए, ताकि जब तैयार हों तो चेहरे की दमक में कोई कमी न लगे। इसके लिए आज हम कुछ बेहद आसान से घरेलू उपाय लाए हैं साथ ही कुछ फेस पैक्स भी बता रहे हैं। ये आपके चेहरे का निखार भी बढ़ाएंगे और त्वचा को दमकता भी बनाएंगे।

पहले कुछ आसान उपाय…

– एक चम्मच बेसन में थोड़ा-सा दूध और थोड़ी-सी शक्कर मिलाकर पेस्ट बनाएं। इसे चेहरे और गर्दन पर लगाकर 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर हल्के हाथों से गोलाई में घुमाते हुए मसाज करें और फिर चेहरा धो लें। दूध की मात्रा ज़रूरत के अनुसार बढ़ा सकते हैं। शक्कर स्क्रब का काम करेगी और मृत त्वचा हटा देगी।

– आधा कप अनार के दाने और एक खीरे का रस निकाल लें। रस को या तो अलग-अलग कंटेनर में स्टोर करें या दोनों को इस्तेमाल के समय मिला लें। इस टोनर को रोज़ाना चेहरे पर लगाएं या स्प्रे करें। ये टोनर मुरझाई त्वचा को ताज़गी देता है। टोनर बनाकर फ्रिज में रखें, इसे 2-3 दिन इस्तेमाल किया जा सकता है।

– पपीते के कुछ टुकड़ों को मिक्सी में पीस लें। इस पेस्ट को चेहरे व गर्दन पर लगाएं। कुछ देर बाद ठंडे पानी से धो दें। पपीते से चेहरा साफ़ होगा और चमक भी बढ़ेगी।

– दो चम्मच कच्चे दूध को चेहरे और गर्दन पर लगाकर छोड़ दें। फिर थोड़ी देर बाद हल्का सूखने पर मालिश करें और कॉटन से पोंछ लें। 15 मिनट बाद चेहरे को सौम्य फेस वॉश से धो लें। दूध त्वचा में निखार लाता है।

– आधा चम्मच शहद चेहरे और गर्दन पर लगाकर कुछ देर तक मालिश करें। फिर धोकर मॉइश्चराइज़र लगा लें। त्वचा मुलायम भी होगी और साफ़ भी रहेगी।

ये पैक्स भी आज़मा लें…

 केला – केले को मैश करके चेहरे पर लगाएं और 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर गुनगुने पानी से धो लें। केले का पैक भी बना सकते हैं। इसके लिए 1 पका केला, 1 चम्मच शहद और कुछ बूदें नींबू के रस की मिलाकर 10-15 मिनट के लिए चेहरे पर लगाएं और फिर धो लें। केला दाग़ धब्बों से राहत दिलाता है।

 नारियल – 2 चम्मच कच्चा दूध, 1 बड़ा चम्मच कद्दूकस किया नारियल और 1 चम्मच शहद मिलाएं। इस मिश्रण को चेहरे पर लगाकर कुछ देर मसाज करें फिर गुनगुने पानी से धो लें। इससे रंग साफ़ होगा।

 बादाम तेल पैक – 1 बड़े चम्मच बेसन में 1 छोटा चम्मच बादाम का तेल (ज़रूरत के अनुसार बढ़ा सकते हैं) को मिलाकर पेस्ट बनाएं। इसे चेहरे और गर्दन पर गोलाई में मसाज करें। कुछ देर बाद गुनगुने पानी से धो लें। इससे त्वचा में कसावट आएगी।

 गुड़ पैक – 1 बड़ा चम्मच पिसा हुआ गुड़, 1 छोटा चम्मच गुलाब जल और 1 छोटे चम्मच टमाटर के गूदे को मिलाकर चेहरे पर लगाएं। 15-20 मिनट बाद ठंडे पानी से धो लें। यह पैक तैलीय त्वचा से राहत दिलाता है।

Leave a Reply