निवर्तमान सरपंच के बेटे ने युवक की गोली मारकर हत्या की, 11 लोगों के खिलाफ केस

पृथला विधानसभा क्षेत्र के सोतई गांव में सरपंची की चौधराहट में एक युवक की जान चली गई। श्री कृष्ण जन्मोत्सव की रात गांव के मंदिर में दही हांडी चढ़ाने को लेकर हुए विवाद में गांव के निवर्तमान सरपंच के बेटे ने बीस वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इससे गांव में तनाव है। मृतक की पहचान सोतई गांव निवासी भूपेंद्र रावत पुत्र रविंद्र रावत के रूप में हुई है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। बताया जाता है दोनों पक्षों में काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। क्योंकि पीड़ित परिवार ने सरपंची के कार्यकाल के दौरान गांव में कराए गए कई कामों की शिकायत जिला प्रशासन से की थी। इससे सरपंच पक्ष रंजिश रखता था। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

दोनों पक्ष वृंदावन जाकर लाए थे दही हांडी
जानकारी के अनुसार रविंद्र रावत का बेटा भूपेंद्र रावत और निवर्तमान सरपंच कंवरपाल उर्फ भोली का बेटा नरवीर उर्फ सोनू सोमवार सुबह अलग-अलग टोली बनाकर वृंदावन गए थे। वहां से दोनों गुट के लोग दही हांडी लेकर आए थे, ताकि रात को कृष्ण जन्मोत्सव पर उसे गांव के मंदिर में चढ़ाया जा सके। दोनों गुटों में 10-12 लोग शामिल थे। ये दही हांडी लेकर शाम करीब सात बजे घर पहुंच गए थे।

ग्रामीणों की मानें तो गांव के मंदिर में पूजा अर्चना की व्यवस्था की गई थी। रात करीब साढ़े 11 बजे दोनों पक्षों के लोग मंदिर में दही हांडी चढ़ाने के लिए पहुंच गए। बताया जा रहा है पहले दही हांडी चढ़ाने को लेकर भूपेंद्र और सोनू गुट में कहासुनी हो गई। बाद में बात हाथापाई तक पहुंच गई।

Leave a Reply