बॉक्सर जितेंद्र मान हत्याकांड का खुलासा, मीट व्यापारी ने प्रेमिका से करवाया था मर्डर

पिछले दिनों ग्रेटर नोएडा में हुए अंतर्राष्ट्रीय बॉक्सर जितेंद्र मान की हत्या का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया. मामले में पुलिस ने एक युवती समेत दो युवको को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक बुलंदशहर के रहने वाले मीट कारोबारी ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर की हत्या करवाई थी. दरअसल मीट कारोबारी की प्रेमिका का बॉक्सर ने अश्लील वीडियो बना लिया था. इसी बात से युवती अंदर ही अंदर बॉक्सर से बदला लेना चाहती थी. प्रेमी का साथ मिलने पर उसने बॉक्सर की हत्या करने के लिए हामी भर दी.
पुलिस ने बताया कि मीट कारोबारी ने एक लोडेड लोड पिस्टल देकर अपनी प्रेमिका को बॉक्सर के फ्लैट पर भेजा था. युवती 4 महीने पहले ही फिटनेस प्रशिक्षण के दौरान बॉक्सर जितेंद्र मान के संपर्क में आई थी. दोनों में करीबी बढ़ी और अवैध संबंध बन गए. इसी दौरान बॉक्सर ने युवती की अश्लील वीडियो बना ली.
जिसके बाद बॉक्सर वीडियो दिखाकर युवती को ब्लैकमेल करने लगा था. वह उससे जबरन संबंध बनाता और रुपए की मांग करता था. जब इस बात को युवती ने अपने पहले प्रेमी मीट कारोबारी को बताई तो इसके बाद दोनों ने बॉक्सर की हत्या की योजना बनाई.
बता दें पिछले शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग खिलाड़ी जितेंद्र मान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. गत शुक्रवार दोपहर ग्रेटर नोएडा स्थित उनके फ्लैट में उनके दोस्त प्रीतम सिंह ने शव देख पुलिस को सूचना दी थी. सीसीटीवी फुटेज न होने के कारण पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी. जितेंद्र के परिजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था.
