न्‍यूजीलैंड की पीएम ने किया एलान- बनने वाली हूं मां, नहीं थी उम्‍मीद

वेलिंगटन। न्‍यूजीलैंड की पीएम जेसिंडा आर्डर्न मां बनने वाली हैं। उन्‍होंने खुद इसका एलान किया है। इस साल जून में उनके घर किलकारियां गूंज सकती हैं। सबसे खास बात ये है कि पीएम कार्यकाल के दौरान मां बनने वालीं वह देश की पहली और दुनिया की दूसरी नेता हैं। इससे पूर्व पाकिस्तान की बेनजीर भुट्टो ने भी पीएम के पद पर रहते हुए बच्चे को जन्म दिया था। 


37 वर्षीय जेसिंडा ने पिछले साल अक्‍टूबर में न्‍यूजीलैंड पीएम का पदभार संभाला था। मां बनने की बात पर उन्‍होंने कहा कि इसकी उम्‍मीद नहीं थी मगर यह उनके और उनके पार्टनर क्लार्क गेफोर्ड के लिए बेहद रोमांचक है। जेसिंडा ने एक बयान में कहा, हम दोनों वास्‍तव में बेहद खुश हैं। हम अपना परिवार चाहते थे, मगर इसकी उम्‍मीद नहीं थी कि हमारे साथ यह होगा।

मां बनने की खबर के एलान के बाद न्‍यूजीलैंड की पीएम को सोशल मीडिया पर चारों ओर से बधाइयां मिल रही हैं। उन्‍होंने कहा कि बच्‍चे को जन्‍म देने के बाद वह छह हफ्ते की छुट्टी लेंगी। 


जेसिंडा ने ट्वीट करते हुए कहा, मेरे ख्‍याल से 2017 एक बड़ा साल था। इस साल मैं भी कई माता-पिता की तरह दोहरी जिम्‍मेदारी निभाऊंगी, एक पीएम का और एक मां का। वहीं जेसिंडा ने इस ओर इशारा भी किया कि उनके पार्टनर होम डैड की भूमिका में होंगे। यह भी बताया कि उनकी अनुपस्थिति में डिप्‍टी पीएम विंस्‍टन पीटर्स कार्यकाल संभालेंगे। हालांकि यह भी कहा कि वह लगातार संपर्क में रहेंगी और जरूरी बैठकों में शामिल होंगी।


जेसिंडा के अनुसार, उन्‍हें लगता था कि वह प्रेग्‍नेंट नहीं हो सकती हैं। वह और उनके पार्टनर अपना परिवार बढ़ाना चाहते थे, मगर कहा गया था कि इसके लिए उन्‍हें मदद की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में मां बनने की खबर से वह खुद भी हैरान थीं।


Leave a Reply