“30 लाख की चरस व सैंडबोआ सांप बरामद, तस्कर गिरफ्तार

बहराइच : मुर्तिहा पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम ने गुरुवार शाम नेपाल बॉर्डर पर बंगालीपुरवा गांव से चरस व वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर के पास से 30 लाख रुपये की चरस व दो सैंडबोआ सांप बरामद किए गए हैं। सांप की कीमत करोड़ों रुपये में आंकी गई है। गिरफ्तार तस्कर पर केस दर्ज कर पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर गुरुवार को बॉर्डर व संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग का अभियान चलाया गया। इसके मद्देनजर मुर्तिहा कोतवाली इलाके में नेपाल बॉर्डर पर पुलिस व एसएसबी के जवान संयुक्त रूप से गश्त कर रहे थे। मुर्तिहा कोतवाल शेषमणि पांडेय ने बताया कि गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे बंगालीपुरवा बॉर्डर पर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। उसे रुकने का इशारा किया गया तो वह भागने लगा, जिस पर सिपाही अमरजीत, पंकज मिश्रा व एसएसबी के एएसआई मेहताब सिंह, सिपाही तेजु कुमार, अरुण कुमार व श्याम कुमार ने दौड़ाकर घेराबन्दी करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को दबोच लिया। संदिग्ध के पास एक झोला था। तलाशी ली गई तो सुरक्षा बल के जवानों के होश उड़ गए। तलाशी के दौरान झोले से दो किलोग्राम चरस व दो सैंडबोआ (दो-मुंहा) सांप बरामद हुए। गिरफ्तार युवक की पहचान मोतीपुर थाना इलाके के महादेउआ गांव निवासी श्रीनिवास के रूप में हुई है।
