यमुना एक्सप्रेस-वे पर फिल्म सिटी के लिए सेक्टर-21 का ले आउट प्लान बदला

यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के बोर्ड द्वारा जेवर एयरपोर्ट, एयरपोर्ट मेट्रो, फिल्म सिटी, पॉड टैक्सी की प्रगति रिपोर्ट रखी गई। इसके साथ ही राया हैरिटेज सिटी व टप्पल लॉजिस्टिक हब की परियोजना में अब तक हुए कामों को बताया गया। बताया गया कि जेवर एयरपोर्ट की साइट पर 23 अगस्त से विकासकर्ता कंपनी ने काम शुरू कर दिया है। बोर्ड ने सभी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के लिए कहा है। इसके अलावा फिल्म सिटी के लिए सेक्टर-21 के लेआउट प्लान को रिवाइज किया गया है।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने जेवर एयरपोर्ट परियोजना की प्रगति से बोर्ड को अवगत कराया। विकासकर्ता कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड को 31 जुलाई को 1334 हेक्टेयर जमीन पर कब्जा दे दिया गया। 23 अगस्त से कंपनी ने साइट पर समतलीकरण का कार्य प्रारम्भ कर दिया है। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क से जेवर एयरपोर्ट तक एयरपोर्ट मेट्रो परियोजना को जोड़ने के लिए डीएमआरसी को डीपीआर तैयार करने के लिए तथा ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क से नई दिल्ली तक तक मेट्रो परियोजना की फिजिबिलिटी स्टडी तैयार करने के लिए वर्क ऑर्डर जारी करने का अनुमोदन यमुना बोर्ड ने दे दिया।
प्राधिकरण के सेक्टर-21 में स्थापित की जाने वाली फिल्म सिटी के बारे में बताया गया कि डीपीआर बनाने वाली कंपनी सीबीआरई को ग्लोबल टेंडर निकालने के लिए काम दिया गया है। इस पर बोर्ड ने अपनी सहमति जता दी है। इस एजेंसी ने सुझाव दिया कि सेक्टर-21 में एक्सप्रेस-वे के निकट के कॉमर्शियल प्लॉट के 220 एकड़ की भूमि को फिल्म सिटी के लिए चिन्हित किया जाए। फिल्म सिटी की परियोजना के लिए सेक्टर 21 के ले-आउट प्लान को वर्तमान फिल्म सिटी के विकास की आवश्यकता के तहत रिवाइज किया गया है।
