कोरोना महामारी को लेकर दिल्ली के हालात काफी नियंत्रण में आ चुके हैं।

दिल्ली : बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में 30 लोग कोरोना संक्रमित मिले थे। जबकि 19 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। इस दौरान एक भी मरीज की संक्रमण के चलते मौत नहीं हुई है। 17 सितंबर को एक मरीज की मौत हुई थी लेकिन इसके बाद 18, 19, 20 और 21 सितंबर को किसी भी मरीज की मौत दर्ज नहीं की गई है। 

इसी के साथ ही राजधानी में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 14,38,586 हो चुकी है जिनमें से 14,13,090 मरीज अब तक स्वस्थ भी हो चुके हैं लेकिन 25085 मरीजों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में कोरोना की अब तक संक्रमण दर 5.30 फीसदी रही है लेकिन मृत्युदर 1.74 फीसदी दर्ज की गई है। 

विभाग के मुताबिक संक्रमण के नए मामले अधिक और रिकवरी कम होने की वजह से पिछले एक दिन में 11 सक्रिय केस बढ़े हैं। इसके चलते कुल सक्रिय केस बढ़कर 411 हो चुके हैं जिनमें से 131 मरीज अपने घरों में आइसोलेशन में उपचार ले रहे हैं। जबकि अस्पतालों में भर्ती 242 मरीज अभी भी संक्रमण से जूझ रहे हैं। 

इनके अलावा आठ मरीजों में संक्रमण के हल्के लक्षण हैं जिनकी वजह से उन्हें कोविड निगरानी केंद्र में रखा गया है। फिलहाल राजधानी में कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़कर 100 हो चुकी है। 

एक दिन में लगी करीब दो लाख वैक्सीन
विभाग ने जानकारी दी है कि राजधानी में पिछले एक दिन में करीब दो लाख लोगों को वैक्सीन दी गई है। इसी के साथ ही अब तक 1.63 करोड़ से अधिक टीकाकरण दर्ज किया जा चुका है। इनमें से 49.97 लाख लोग दोनों खुराक लेकर टीकाकरण पूरा कर चुके हैं। जबकि 1.13 करोड़ से अधिक लोग अभी एक खुराक ले पाए हैं। 

Leave a Reply