आज शाम 7 बजे अमेरिकी कंपनियों के सीईओ से मिलेंगे पीएम मोदी

वॉशिंगटन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 दिनों के दौरे पर अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन पहुंच (PM Narendra Modi US Visit) गए हैं, जहां एयरपोर्ट पर भारतीय मूल के सैकड़ों लोगों ने किया जोरदार स्वागत किया. पीएम मोदी भारतीय समयानुसार तड़के करीब 3.30 बजे वाशिंगटन पहुंचे और एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों से हाथ मिलाया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अमेरिका की दिग्गज कंपनियों के सीईओ से मुलाकात करेंगे. इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया और जापान के प्रधानमंत्री से भी द्विपक्षीय बातचीत करेंगे.
इन कंपनियों के सीईओ से मिलेंगे पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी प्रौद्योगिकी, आईटी क्षेत्र से लेकर वित्त, रक्षा और नवीनीकरण ऊर्जा के क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले पांच शीर्ष अमेरिकी सीईओ के साथ अलग-अलग बैठकें करने के साथ अपनी यात्रा की शुरुआत करेंगे. इन मुख्य कार्यकारी अधिकारियों में एडोब के शांतनु नारायण, जनरल एटॉमिक्स के विवेक लाल, क्वालकॉम के क्रिस्टियानो ई एमन, फर्स्ट सोलर के मार्क विडमर और ब्लैकस्टोन के ए श्वार्जमैन शामिल हैं.
कमला हैरिस, जापान और ऑस्ट्रेलिया के पीएम से मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अमेरिका की यात्रा के पहले दिन गुरुवार को आठ बैठकें करने का कार्यक्रम है, जिसमें अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ मुलाकात भी शामिल है. व्हाइट हाउस में हैरिस से मुलाकात के अलावा प्रधानमंत्री ऑस्ट्रेलिया और जापान के अपने समकक्षों क्रमश: स्कॉट मॉरिसन और योशिहिदे सुगा के साथ दो द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे.
30 प्रीडेटर ड्रोन का होगा सौदा
भारत की सैन्य क्षमता को बढ़ाने के लिए अमेरिका से 30 प्रीडेटर ड्रोन (30 Predator Drones) खरीदने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) 23 सितंबर को वॉशिंगटन में चार शीर्ष अमेरिकी कंपनियों के सीईओ के साथ सशस्त्र ड्रोन निर्माता जनरल एटॉमिक्स के प्रमुख से भी मुलाकात करेंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) भारतीय समय के अनुसार आज (23 सितंबर) शाम 7 बजे शीर्ष अमेरिकी कंपनियों के सीईओ से मुलाकात करने वाले हैं.
पीएम मोदी का अमेरिका में आज का कार्यक्रम
– पीएम नरेंद्र मोदी अमेरिका के दौरे (Narendra Modi US Visit) के पहले दिन भारतीय समय के मुताबिक शाम 7 बजकर 10 मिनट पर 'ग्लोबल' CEO के साथ बिजनेस मीटिंग करेंगे.
– प्रधानमंत्री मोदी रात 11 बजे ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे. ये बैठक करीब 45 मिनट चलेगी.
– पीएम मोदी भारतीय समय के अनुसार रात 12.45 बजे अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ मीटिंग करेंगे. ये मुलाकात 1 घंटे चलेगी.
– प्रधानमंत्री भारतीय समय के अनुसार सुबह 3 बजे (24 सितंबर) जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे के साथ मीटिंग करेंगे. पीएम मोदी और योशिहिदे के बीच ये मीटिंग 45 मिनट चलेगी.
पीएम मोदी के अमेरिका दौरे के मायने
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) अमेरिका पहुंच गए हैं और इस दौरान पीएम मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन समेत दुनिया के कई बड़े नेताओं के साथ बातचीत करेंगे. अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, जापान और भारत को मिलाकर बने. क्वाड की एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेंगे और संयुक्त राष्ट्र में भाषण भी देंगे. कोरोना वायरस और अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद दुनिया में भारत की भूमिका क्या होगी? लेकिन पहले आपको तीन पॉइंट में ये बताते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका रवाना से पहले क्या कहा
– प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि वो इस दौरे पर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ रणनीतिक साझेदारी और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे. इनमें चीन और अफगानिस्तान का मुद्दा भी हो सकता है.
– प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस से भी मिलेंगे. कमला हैरिस के साथ ये उनकी पहली मुलाकात होगी, जिसमें साइंस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सहयोग को लेकर दोनों नेता चर्चा करेंगे.
– क्वाड की बैठक में Indo Pacific Region पर चर्चा होगी. क्वाड चार देशों भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका का समूह है और वैश्विक कूटनीति के लिहाज से ये चीन के खिलाफ एक बड़ा मंच बन सकता है.
अमेरिका पहुंचने पर पीएम मोदी का ट्वीट
अमेरिका पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने ट्वीट किया. उन्होंने लिखा, 'अगले दो दिनों में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन, जापान के पीएम योशिहिदे सुगा से मुलाकात करूंगा. क्वाड की बैठक में भाग लूंगा और दिग्गज कंपनियों के सीईओ से बात कर उन्हें भारत में आर्थिक अवसर के बारे में बताऊंगा.'
