रोहिणी कोर्ट में हुई घटना में प्रशासन की चूक

दिल्ली | रोहिणी अदालत के कोर्टरूम नंबर 207 में मुठभेड़ के बाद उत्तर व उत्तर-पश्चिम जिले के जिला न्यायाधीश, पुलिस के अधिकारियों एवं रोहिणी बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक हुई। रोहिणी बार एसोसिएशन के सचिव मंजीत माथुर ने बताया कि शुक्रवार की घटना के लिए प्रशासन की चूक रही है। 

इसलिए उन्होंने मांग की है कि सुरक्षा में चूक के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही जिला न्यायाधीशों व पुलिस अधिकारियों को कहा है कि वह सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करें। बार एसोसिएशन उनका पूरा सहयोग करेगी। 

हालांकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शनिवार को भी एक बार फिर जिला न्यायाधीशों व बार के बीच बैठक हो सकती है।यह भी  बताया जा रहा है कि  न्यायिक अधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन से मांग की जाएगी कि दिल्ली उच्च न्यायालय की तर्ज पर जिला अदालतों में सुरक्षा व्यवस्था की जाए।

वकील रहेंगे हड़ताल पर

दिल्ली बार काउंसिल एवं सभी जिला अदालतों की बार एसोसिएशन की समन्वय समिति ने तय किया है कि वे रोहिणी कोर्ट में हुई इस घटना के विरोध में शनिवार को सभी जिला अदालतों में कामकाज ठप रखेंगे। समन्वय समिति की तरफ से अधिवक्ता संजीव नासियार ने कहा कि अदालतों में बार-बार इस तरह के हमले हो रहे हैं।खासतौर पर रोहिणी अदालत में लगातार गैंगवार हो रही हैं। वकीलों की जान भी खतरे में आ सकती है। लेकिन ऐसी घटना होने के बाद कुछ समय तक तो सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रहती है। लेकिन फिर वही लचर व्यवस्था चालू हो जाती है। ऐसे में समन्वय समिति ने तय किया है कि सोए प्रशासन को जगाने के लिए वह विरोध करेंगे।

इस मुद्दे को लेकर सातों जिला अदालतों की बार एसोसिएशनों ने विरोध जताया है। यहां तक कि साकेत अदालत से अधिवक्ता धीर सिंह कसाना ने एक वीडियो भी बनाया। इस घटना के बाद भी साकेत अदालत में लोग बगैर चेकिंग के अंदर जा रहे थे।

पुलिस की अपनी अलग दलील

पुलिस सूत्रों का कहना है कि आमतौर पर यहां पर वकीलों की तलाशी नहीं ली जाती है और उनके लिए अलग गेट है। इसका फायदा इन बदमाशों ने उठाया जो वकील की ड्रेस पहनकर कोर्ट में पहुंचे थे। अपनी ड्रेस के अंदर ही उन्होंने हथियार छिपा रखे थे। जिसके चलते उनकी तलाशी नहीं हुई। यह लोग वकील की ड्रेस पहनकर हथियार सहित अदालत के कमरे तक जा पहुंचे और सुरक्षाकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। वहां जब गोली चलने लगी तब सुरक्षाकर्मी सतर्क हुए।  मौके पर काउंटर इंटेलिजेंस की टीम होने की वजह से हमलावरों को मौके पर ही ढेर करने में पुलिस टीम कामयाब रही अन्यथा यह बदमाश वहां से भाग भी सकते थे।

Leave a Reply