लोगों से अपील कोरोना महामारी अभी खत्म नहीं हुई

दिल्ली  | एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने सोशल मीडिया पर लोगों से अपील की है। उनका कहना है कि सावधानी नहीं रखी तो यह बीमारी फिर से लौटकर आ सकती है।दिल्ली एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया का कहना है कि कोरोना महामारी अभी खत्म नहीं हुई है। लोगों को लग रहा है कि संक्रमण के मामले कम हुए हैं तो वे अब पहले की तरह जीवन बिता सकते हैं लेकिन यह सोच एकदम गलत है। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर लोगों से बातचीत करते हुए डॉ. गुलेरिया ने कहा कि देश के हर व्यक्ति को शपथ लेनी चाहिए कि अब हम कोविड को आगे नहीं बढ़ने देंगे। 

मौजूदा हालात काफी नियंत्रण में है लेकिन लापरवाही घातक
मौजूदा हालात काफी नियंत्रण में है लेकिन आगामी दिन त्योहारों से जुड़े हैं। डॉ. गुलेरिया ने कहा कि अगर लोगों ने सलाह नहीं मानी तो स्थिति कुछ भी हो सकती है। हम अभी भी महामारी काल में हैं और हर दिन उसका सामना कर रहे हैं। चेहरे पर मास्क सही तरीके से पहना और भीड़ से दूरी बनाने में ही भलाई है। वैक्सीन लेने के बाद भी लोगों को अपने व्यवहार में बदलाव नहीं करना चाहिए।
दिवाली, छठपूर्जा, दुर्गापूजा जैसे त्योहार आने वाले हैं
निदेशक ने बताया कि अभी तक का यह अनुभव रहा है कि इस महामारी को गंभीरता से लेने और पहले से ही सतर्कता पर कार्य करने से स्थिति को रोका जा सकता है। दिवाली, छठपूर्जा, दुर्गापूजा जैसे त्योहार आने वाले हैं। इन त्योहारों को पहले हम काफी धूमधाम से मनाते थे। आगे भी हम पहले की तरह इन त्योहारों को मना सकते हैं लेकिन उसके लिए जरूरी है कि आज हम सतर्कता बरतें। अगर अभी सावधानी रखेंगे तो शायद अगले साल हम पूरे उत्साह के साथ यह पर्व मना सकेंगे।

Leave a Reply