पति ने तीन तलाक देकर बच्चों सहित पत्नी को घर से निकाला

गाजियाबाद।  गाजियाबाद में बीवी के साथ मारपीट के बाद तीन बार तलाक बोलकर बच्चों सहित घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर नंदग्राम कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि ससुरालियों ने तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर पीड़िता की बंद कमरे में पिटाई की है। नंदग्राम कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता ने एसएसपी को दिए शिकायत में बताया कि उसका निकाह 21 जून 2013 में मसूरी में रहने वाले युवक के साथ हुई थी। निकाह के दो साल बाद उसका शौहर, जेठ, जेठानी और सास छोटी-छोटी बातों को लेकर उसका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने लगे। बाद में पता चला कि शौहर और जेठ शराबी व जुआरी है। विरोध करने पर इस बात के लिए भी आरोपियों ने कई बार उसके साथ मारपीट की। उत्पीड़न बढ़ने पर उसके परिजनों ने ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया, बावजूद इसके 12 अप्रैल 2021 को आरोपियों ने साजिश पूर्वक उसे कमरे में बंद कर दिया और तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर उसके साथ मारपीट की। तेज म्यूजिक की वजह से उसकी चीख-पुकार बाहर नहीं जा सकी और आरोपी उसे तबतक पीटते रहे जबतक कि वह बेहोश नहीं हुई। इस दौरान आरोपियों ने उसके दोनों बच्चों के साथ भी बुरी तरह मारपीट की। होश में आने पर आरोपियों ने मारपीट की वारदात किसी को बताने पर उसके दोनों बच्चों की हत्या की धमकी दी। लेकिन उसने अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दे दी। इस बात को लेकर आरोपियों ने एक बार फिर 16 अप्रैल को उसके साथ मारपीट की। पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि उसके पति ने अपने बड़े भाई के साथ जुआ खेलते हुए उसका सारा स्त्रीधन दाव पर लगा दिया। इसके बाद उसके जेठ द्वारा अश्लील हरकत करने का विरोध करने पर आरोपी पति ने तीन बार तलाक बोलकर बच्चों सहित उसे घर से बाहर कर दिया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के अधार पर पति, जेठ, जेठानी और सास के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply