मुख्यमंत्री कोविड आर्थिक सहायता योजना
दिल्ली | कोविड से जान गंवाने वालों के परिवार को मुख्यमंत्री कोविड आर्थिक सहायता योजना का लाभ दिलाने के लिए सरकार की टीम घर-घर जाएगी। दिल्ली सरकार ने जिला स्तर पर एसडीएम की निगरानी में 100-100 लोगों की टीम तैयार की हैं, जो कोविड से मरने वाले 25 हजार लोगों के घर जाएंगी। इसे लेकर आदेश जारी कर दिए गए हैं। टीमों को सात दिनों में इस काम को पूरा करना होगा।
कुछ दिन पहले सरकार ने लोगों को राहत देते हुए मृतक आश्रितों के लिए सर्वाइवल मेंबर प्रमाणपत्र की अनिवार्यता को भी खत्म कर दिया था। दरअसल, बीते जून में दिल्ली सरकार ने कोविड से मरने वाले लोगों के लिए आर्थिक सहायता योजना की शुरुआत की थी। इसमें एकमुश्त 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के साथ बच्चों, बुजुर्ग माता-पिता को 2500 रुपये मासिक पेंशन देने की योजना थी। मगर सरकार को उसमें अभी तक उम्मीद से कम आवेदन मिले हैं।
बताते चलें कि योजना के तहत सरकार को 10 हजार 436 से अधिक आवेदन मिल चुके हैं। इसमें 5675 आवेदन एकमुश्त सहायता के लिए मंजूर कर लिए गए हैं, वहीं 2499 आवेदन मासिक सहायता योजना के लिए आए थे जिसमें 256 को निरस्त कर दिया गया है, जबकि 1188 को लाभ दिया जा रहा है। बाकी आवेदनों पर जांच जारी है।
