जरूरत पड़ने पर ये मेट्रो स्टेशन किए जा सकते हैं बंद

नई दिल्ली । किसानों का भारत बंद सुबह 6 बजे से जारी है। इस बीच दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने बाहरी दिल्ली के पंडित राम शर्मा मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकासी दोनों तरह के द्वार बंद कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि हालात के मद्देनजर और जरूरत पड़ने पर अन्य मेट्रो स्टेशनों को भी बंद करने का निर्णय लिया जा सकता है।
गौरतलब है कि दिल्ली के साथ–साथ एनसीआर के शहरों गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद समेत दर्जनभर शहरों में भीषण ट्रैफिक जाम है। दिल्ली–गुरुग्राम बार्डर पर तो कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने देश की राजधानी दिल्ली को भारत बंद से मुक्त रखा है, लेकिन जरूरत पढ़ने पर बहादुरगढ़ और दिल्ली–एनसीआर के कुछ मेट्रो स्टेशनों को बंद किया जा सकता है। फिलहाल सिर्फ पंडित राम शर्मा मेट्रो स्टेशन को ही बंद किया गया है। इसके पीछे वजह यह है कि किसान प्रदर्शनकारी मेट्रो ट्रेनों को जरिये दिल्ली में प्रवेश कर सकता है। खासतौर से पंडित श्री राम शर्मा के बाद बहादुरगढ़ शहर के मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट गेट को बंद किया जा सकता है। गौरतलब है कि दिल्ली–एनसीआर समेत तकरीबन राज्यों में जारी देशव्यापी बंद सोमवार शाम 4 बजे तक चलेगा।
मेट्रो ट्रेनों को दे सकते हैं तवज्जो
दिल्ली–एनसीआर में भारत बंद के मद्देनजर लोग जाम से बचने के लिए दिल्ली मेट्रो की ट्रेनों को तवज्जो दे रहे हैं। खासकर गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, सोनीपत, बहादुरगढ़ के लोग मेट्रो के जरिये सफर कर रहे हैं। ऐसे में मेट्रो स्टेशनों पर भीड़ बढ़ सकती है, साथ ही ट्रेनों में भी।
एक–दो घंटे का अतिरिक्त समय लेकर निकलें रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले
भारत बंद के आव्हान के कारण भीषण यातायात जाम की आशंका के चलते एयरपोर्ट और नई व पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे समय से अपनी ट्रेन और फ्लाइट पकड़ने के लिए घर से एक–दो घंटे का अतिरिक्त समय लेकर निकलें, जिससे जाम में फंसने के बावजूद समय से एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पहुंच सकें। साथ ही यातायात जाम से संबंधित जानकारी के लिए यात्री दिल्ली यातायात पुलिस का ट्विटर हेंडल भी देख सकते हैं। घर से निकलने से पहले एक बार ट्विटर हेंडल जरूर चेक करें। गौरतलब है कि दिल्ली की सीमाओं और सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस वाहनों की जांच करेगी।
